प्रश्नोत्तरी में माजरा क्लस्टर की शबनम और मनप्रीत रही अव्वल
माजरा स्कूल में हुआ बाल मेला, पूनम कुमारी व अंजू गोयल रही निर्णायक
खंड स्तरीय बाल मेले में 13 क्लस्टर के 150 विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा/नाहन(सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा में खंड स्तरीय बाल मेले का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जसवंत राम ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। मेले में 13 क्लस्टर के 150 विद्यार्थियों और 25 अनुरक्षण अध्यापकों ने भाग लिया।
इस दौरान हुई विज्ञान प्रदर्शनी में संजीव अत्री, राजकुमार व मनीष गुप्ता, सांस्कृतिक कार्यक्रम में अनीता शाही, अनीता पंवार व बस्ती राम सिंगटा और प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में अंजू गोयल व पूनम कुमारी ने निर्णायक की भूमिका अदा की।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में टीएलएम प्रदर्शनी में कोलर क्लस्टर का पीयूष पहले, रामपुर भारापुर क्लस्टर की सानवी दूसरे स्थान पर रही। विज्ञान प्रदर्शनी में माजरा क्लस्टर का रिषभ पहले व रामपुर भारापुर क्लस्टर की दीक्षा दूसरे स्थान पर रही।
एकलगान में हरिपुरखोल क्लस्टर की कल्पना पहले व पुरुवाला क्लस्टर की स्नेहा दूसरे स्थान पर रही। प्रश्नोत्तरी में माजरा क्लस्टर की शबनम व मनप्रीत पहले और रामपुर भारापुर क्लस्टर की दीक्षा व यश दूसरे स्थान पर रहे।
लोकनृत्य में मेहत क्लस्टर की अक्षरा व उसके साथी पहले, पुरुवाला क्लस्टर की आंचल व साथी दूसरे स्थान पर रहे। नाटक/रोल प्ले में क्लस्टर बाडथल मधाना पहले व पलहोडी क्लस्टर दूसरे स्थान पर रहा।
अंत में खंड परियोजना अधिकारी ममता चौधरी और अजय गुप्ता ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को पुरस्कृत किया।
-संवाद