नाहन पंचायत में आयोजित ग्रामसभा में स्वास्थ्य शिक्षिका ने लोगों को किया जागरूक
धगेड़ा खंड की 35 पंचायतों में जागरुकता शिविरों का आयोजन, बताए बचाव के तरीके
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की ओर से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत वीरवार को 35 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने क्षय रोग उन्मूलन और वरिष्ठजनों की सेहत व देखभाल के बारे में जानकारी दी।
ग्राम पंचायत नाहन में आयोजित ग्रामसभा के दौरान स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने बताया कि क्षय रोग किसी को भी हो सकता है। कुपोषित, अत्यधिक भीड़ वाले क्षेत्र, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग, रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर से ग्रसित आदि लोगों को टीबी संक्रमण होने का खतरा अधिक रहता है। दो हफ्ते से अधिक खांसी, बलगम में खून आना, अचानक वजन घटना, शाम के समय बुखार आना, भूख न लगना, सांस लेते समय छाती में दर्द और रात को पसीना आना टीबी के लक्षण हैं।
यदि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत संबंधित आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। आशा आपके घर से बलगम का सैंपल लेकर जाएगी और पॉजिटिव पाए जाने पर घर पर ही आपको उपचार उपलब्ध कराएगी। निक्षय पोषण व मित्र योजना के बारे में भी जानकारी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अदिति ठाकुर ने बताया कि समय पर और लगातार इलाज से टीबी पूर्ण रूप से ठीक हो जाती है। टीबी के रोगियों के साथ भेदभाव न करें। आयुर्वेदिक चिकित्सक अंजू पुंडीर ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान सुषमा सैनी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता निर्मला देवी, आशा कार्यकर्ता मीना शर्मा, शमीम, बबीता, कुसुम, कमलेश, हरविंदर कौर, गुरजीत कौर, अनीता, रेखा, हर्षिता, नीरू आदि मौजूद रहे।
-बाक्स-
35 पंचायतों में जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिषा अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य खंड धगेडा के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायत में ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों ने 35 पंचायतों में ग्रामसभा के दौरान जागरूकता शिविरों का आयोजन किया। लोगों को क्षय रोग और वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की देखभाल को लेकर जागरूक किया गया।