कृष्णा और देव तोमर सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से नवाजे
उच्च पाठशाला कैंट नाहन में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन
चटक मटक.., कथा संग्राम.., और अंधेर नगरी चौपट राजा.., की प्रस्तुति ने जमाया रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च पाठशाला कैंट नाहन में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें रोटरी क्लब संगिनी नाहन की अध्यक्ष दीपा बंसल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने स्वागत गीत व सरस्वती वंदना से विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। मंच का संचालन नरेश कुमार व संजीव सैनी ने किया। मुख्य अध्यापिका सीमा वर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश कर साल भर की गतिविधियों को मंच से साझा किया।
इसके बाद वैशाली ने भगवान राम, घर मोरे.., गीत पर सुंदर नृत्य पेश किया। सिद्धि व दोस्तों ने माइन एक्ट की प्रस्तुति दी। सिमरन व सखियों ने जोगिया व जोगिया.., गीत पर नृत्य से रंग जमाया। प्रीति ने एकलगान पेश किया।
मानवी व सखियों ने कथा संग्रम की प्रस्तुति से खूब दाद पाई। गीता व सखियों की मटक चलूगी.., गीत पर प्रस्तुत नृत्य को भी खूब पसंद किया गया। प्राइमरी के बच्चों ने मेरा देश रंगीला गीत पर नृत्य किया। देवांश व देवांशु ने एकलगान, हेमराज, उमर व दोस्तों ने अंधेर नगरी चौपट राजा.., पर शानदार लघु नाटिका पेश की। बच्चों ने चटक मटक.., पहाड़ी और हिंदी गीतों पर नाटी डालकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अदिति व किंजल ने लेजा-लेजा रे.., गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी।
अंत में मुख्यातिथि ने शिक्षा, खेल और दूसरी गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। इसमें कृष्णा और देव तोमर को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से पुरस्कृत किया गया।
समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष उषा शर्मा, वसीम खान, विजय चौहान, पार्षद अशोक विक्रम, समाजसेवी रामकिशन समेत अभिभावक, स्टाफ और भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।