पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब नगर परिषद खेल मैदान में चल रही 26वीं वीर शिवाजी उत्तर भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए प्रथम मैच में अली एकादश पांवटा साहिब टीम ने छठी आईआरबी बटालियन की टीम को 69 रनों से हरा कर अगले दौर में प्रवेश किया।
अली एकादश के कप्तान मोहसीन को हरफनमौला खेल के लिए मैन ऑफ मैच चुना गया। शिवाजी खेलकूद और सांस्कृतिक क्लब के अध्यक्ष मधुकर डोगरी, अश्विनी राय व संजीव बब्बू ने कहा कि सिरमौर पूल की विजेता और उपविजेता टीम ही उतर भारतीय मुख्य पूल में प्रवेश करेगी।
मंगलवार को हुए प्रतियोगिता के प्रथम मैच में अली एकादश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। इसमें विवेक ने 52, मोहसिन ने 42, पंकज ने 26 और नवनीत ने नाबाद 14 रनों के योगदान दिया। छठी आईआरबी बटालियन की तरफ से नितिन व रमेश ने 2-2 निरुपम व प्रवीण ने 1- 1 विकेट लिए।
जवाब में आईआरबी बटालियन की शुरुआत बेहद खराब रही, 12 रनों पर 8 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद निरूपम ने 41 व सुरेश ने 35 रन बना कर पारी को काफी हद तक संभाला, हालांकि पूरी टीम 18 ओवर में 110 रनों पर ऑल आउट हो गई। अली एकादश की तरफ नवनीत ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट, श्यामा ने तीन व मोहसीन ने दो विकेट लिए।