फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजे सिरमौर के शिवालय

विज्ञापन
नाहन के रानीताल स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़। - फोटो : NAHAN
विज्ञापन
नाहन/ददाहू (सिरमौर)। महाशिवरात्रि का पावन पर्व जनपद सिरमौर में बड़ी श्रद्घा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान शिवालय ‘बम बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठे। नाहन के रानीताल शिव मंदिर और स्वर्ग की दूसरी सीढ़ी कहे जाने वाले पौढ़ीवाला शिवधाम में हजारों की संख्या में श्रद्घालु उमड़े।
विज्ञापन

पौढ़ीवाला में हरियाणा के नारायणगढ़, जगाधरी, यमुनानगर आदि क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्घालु भगवान भोलेनाथ के दर्शनों के लिए पहुंचे। दोनों ही स्थानों पर बारी-बारी से कतार में खड़े होकर श्रद्घालुओं ने भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। शिवलिंगों पर जलाभिषेक किया गया। साथ ही बैर, बिल पत्र, धतुरा, गंगाजल, दूध, पुष्प, घी, शहद, दही व नैवेद्य आदि भी भोलेनाथ के चरणों में समर्पित किया गया।
इसके अलावा त्रिलोकपुर स्थित शिव मंदिर, कालीस्थान मंदिर नाहन, जमटा स्थित महामाया बालासुंदरी मंदिर, कटासन मंदिर आदि शिवालयों में श्रद्घालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह पांच बजे शिवालयों में पूजा अर्चना के बाद श्रद्घालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस पावन पर्व पर कई मंदिरों में इस दौरान हवन यज्ञों का आयोजन हुआ। कहीं शिव कथा पाठ हुए तो कई जगह भंडारे भी लगाए गए।
विज्ञापन

रानीताल स्थित नवयुवा शिव मंडल, पौढ़ीवाला में बाबा अमरनाथ बर्फानी मानव सेवा समिति के अलावा कई जगह फलाहार के भंडारे लगाए गए। रानीताल में दिनभर डीजे की धुन पर हजारों श्रद्घालु थिरकते नजर आए। यहां घोटे के प्रसाद के लिए भी हजारों की भीड़ उमड़ी। कुल मिलाकर शिवालय में विशेष रौनक देखने को मिली। वहीं ददाहू, रेणुकाजी तीर्थ व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। शिवालयों में श्रद्धालुओं को भांग के घोटे का चरणामृत वितरित किया गया।
इस मौके पर शिवालयों में भजन-कीर्तन के साथ-साथ भोलेनाथ के जयकारों व महामृत्युंजय के जाप भक्तिमय हुए। रेणुकाजी के पंचमुखी महादेव शिव मंदिर, पुलिस थाने, बिजली कॉलोनी, बायरी, खदाल व बड़ालिया बाबा शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
........
चेहरों से मास्क गायब, सामाजिक दूरी तार-तार
महाशिवरात्रि के पावन मौके पर मंदिरों में खासी भीड़ रही। इस बीच श्रद्धालुओं के चेहरों से मास्क गायब रहे। सामाजिक दूरी का भी कहीं पालन होता नहीं दिखा।
रानीताल व पौढ़ीवाला समेत कई शिवालयों में हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। रानीताल में डीजे पर खूब मस्ती हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों से मास्क पूरी तरह गायब दिखे। कोविड संक्रमण का खतरा भले ही कम हो गया है, लेकिन कोरोना अभी गया नहीं। फिर भी श्रद्धालु नियमों का पालन करते नहीं दिखे।
..........
गिरिपार के शिव मंदिरों में भी उमड़े श्रद्घालु
पुरुवाला (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा से सटी गिरि व यमुना नदी के संगम शिव मंदिरों में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया।
शिव मंदिर डोरियोंवाला, बांगरण, शिव मंदिर नारीवाला, डोबरी सालवाला, डांडेश्वर महादेव मंदिर, धौलीढांग महादेव व टौंस नदी तट पर सहस्रधारा मंदिर में सुबह पांच बजे ही भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई। महिलाओं व पुरुषों ने शिवलिंग पर बेल पत्र, धतूरा, भांग के पत्ते, कच्चा दूध, फल व शहद चढ़ाया। इस मौके पर शिव मंदिर डोरियोंवाला में शिव कथा एवं भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन किया गया।

महाशिवरात्री के मौके पर शिव मंदिर रानीताल में शिवलिंग का जलाभिषेक करते श्रद्धालु।- फोटो : NAHAN

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें