जेवर-नकदी, तांबे के बर्तन व एसी कॉपर पाइप समेत दो बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/धौलाकुआं (सिरमौर)। सिरमौर में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथा नाबालिग है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
हाल ही में कोलर गांव में एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। यहां खास बात यह थी कि घर बंद थे। ऐसे में इस गिरोह ने इस पर नजर रखी और वारदात को अंजाम दिया। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए समीर (22), सामिन खान (20) दोनों निवासी कुन्जा मतरालियो, पांवटा साहिब तथा केशो नाथ (28), निवासी अजीवाला, जामनीवाला को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग भी इनके साथ मिला है।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रात 12 से सुबह तीन बजे के बीच बंद मकानों को निशाना बनाते थे। पहले मकान की रेकी की जाती और उसके बाद मौका देखकर ताले तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया जाता था। आरोपी नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ तांबे के बर्तन और एसी की कॉपर पाइप तक नहीं छोड़ते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो जाते थे।
पुलिस ने इनके कब्जे से तांबे के बर्तन, एसी कॉपर पाइप, आभूषण, नकदी और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस के हाथ लगी हैं।
पूछताछ में गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और इसके नेटवर्क के बारे में अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी सिरमौर के अलावा पड़ोसी राज्यों में कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। चोरी के सामान को कहां बेचा जाता था और गिरोह में इनके साथ और कौन लोग जुड़े हैं, इसे लेकर भी पूछताछ की जा रही है।