आधार केंद्र बंद होने से आभा कार्ड नहीं बना पा रहे हजारों लोग
संगड़ाह क्षेत्र के लोगों को मजबूरन लगाने पड़ रहे नाहन के चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। मिनी सचिवालय संगड़ाह में करीब दो साल से आधार सेवा केंद्र्र बंद पड़ा है। क्षेत्रवासियों के बार-बार आग्रह के बावजूद जिला प्रशासन ने आजतक इसे दोबारा शुरू नहीं करवाया। इसके चलते लोगों की आभा आई कार्ड नहीं बन पा रही है। जबकि इन दिनों स्वास्थ्य विभाग इस कार्य में जुटा है।
आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करवाने के लिए लोगों को करीब 60 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय नाहन जाना पड़ रहा है। ऐसे में समय की बर्बादी के साथ-साथ पैसों की भी फिजूल खर्ची हो रही है।
इसके चलते राशन डिपो में भी ऐसे लोगों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। न ही आभा आई बन पा रही है। इससे ये कार्य भी लटक रहा है।
करीब एक लाख की आबादी वाले स्वास्थ्य खंड संगड़ाह में ज्यादातर उन्हीं लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड नहीं बने हैं, जिनके आधार से मोबाइल नंबर अपडेट न होने से ओटीपी नहीं आ रहा है और इनकी संख्या हजारों में बताई जा रही है।
बीएमओ संगड़ाह डाॅ. अतुल भारद्वाज ने बताया कि लोगों के आधार कार्ड अपडेट न होने के कारण आभा आईडी बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। कई लोगों के मोबाइल नंबर आधार कार्ड से अपडेट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से अबतक जिले में आभा आईडी बनाने का कार्य सिर्फ 35 फीसदी ही पूरा हो पाया है। जबकि, हरेक व्यक्ति का आयुष्मान भारत खाता बनना है।
...
संगड़ाह में छात्रों को सिखाया आभा कार्ड बनाना
राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्रों के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड बनाने संबंधी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ. निशा, उर्मिला, विकास और गुरुदेवी स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्रों को मोबाइल और कंप्यूटर पर आभा कार्ड जनरेट करना सिखाए।
प्रशिक्षण के बाद कुछ छात्रों ने अपने मोबाइल पर ही आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए। कॉलेज के अलावा स्थानीय आदर्श जमा दो विद्यालय में भी छात्रों को इस तरह का प्रशिक्षण दिया गया।