अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर में लोकसभा चुनाव का सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस और भाजपा पार्टियां चुनावी समर में उतर चुकी हैं। एक ओर भाजपा जहां जगह-जगह कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर वोटरों को रिझाने में जुटी है वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने जन चेतना यात्रा का आगाज कर दिया है। शनिवार को कांग्रेस की जन चेतना यात्रा राजगढ़ पहुंच रही है।
राजगढ़ में विभिन्न स्थानों पर इस यात्रा का शानदार स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, कांग्रेस उपाध्यक्ष जीआर मुसाफिर, प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता रुपेंद्र ठाकुर ने बताया कि सुबह 9:30 बजे यात्रा शिलाबाग पहुंचेगी। यहां पर रासु मांदर जोन के कार्यकर्ता जन चेतना यात्रा का स्वागत करेंगे। उसके बाद 10 बजे कोटला बांगी में कोटला बांगी, शनाई कुन्नी सेर, लेउ कुफर, मटलोड़ी आदि के कार्यकर्ता भाग लेंगे। 10:30 बजे शाया सनोरा के नोहरी में सनोरा, नेरटी भगोट और जदोल टपरोली के कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा का स्वागत करेंगे। 11 बजे चंदोल में यात्रा का पड़ाव रहेगा। यहां आसपास के गांवों के कार्यकर्ता और एनएसयूआई कार्यकर्ता पझौता डिग्री कॉलेज के छात्र भाग लेंगे। 11:30 बजे यात्रा हाब्बन पहुंचेगी, जिसमें स्थानीय ग्राम पंचायत सहित रानाघाट, ग्राम पंचायतों के पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे। देर शाम तक यह यात्रा चलती रहेगी। शाम को श्री रेणुका जी में स्थानीय विधायक विनय कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा स्वागत करेंगे।