पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्रचंड गर्मी के बीच जिले की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के खुलने का समय सुबह 7:30 बजे से 12:50 बजे तक किया गया है। अब प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों की समयसारिणी बदलने के लिए निर्देश जारी किए हैं। जिन इलाकों में गर्मी का प्रकोप ज्यादा है उन स्कूलों की समयसारिणी को बदला जा रहा है।
शनिवार से पांवटा साहिब ब्लॉक की 72 प्राथमिक पाठशालाएं भी इसी समय पर खुलेंगी। इन पाठशालाओं में 5923 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बता कें कि पांवटा साहिब, धौलाकुआं, कोलर और कालाअंब समेत मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 के पार पहुंच रहा है। इसके चलते निदेशक उच्च शिक्षा शिमला से पत्र जारी किया गया था।
निदेशक के पत्र में ग्रीष्मकालीन स्कूल प्रबंधन पर स्टॉफ व स्कूली बच्चों की समस्या के मद्देनजर जरूरत पड़ने पर स्कूल समय में बदलाव के लिए फैसला छोड़ा गया था। पत्र में कहा गया है कि सुबह 7:00 बजे से 12:30 बजे या फिर 7:30 से 12:50 बजे दोपहर का समय तय कर सकते हैं।
आदर्श कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब के प्रधानाचार्य डॉ. दीर्घायु प्रसाद, तारुवाला स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. प्रेमपाल ठाकुर और अजौली स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. मोहीराम चौहान ने कहा कि निदेशक के आदेश मिलने पर एसएमसी कमेटी से बैठक कर फैसला ले लिया गया है। क्षेत्र में गर्मी अधिक होने पर सुबह 7:30 से स्कूल खुलेंगे और दोपहर 12:50 पर बच्चों को अवकाश मिलेगा। जबकि, स्कूल स्टाफ को 1:30 बजे तक स्कूल में रहना होगा। उधर, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पांवटा साहिब परणीत कौर ने कहा कि सुबह स्कूल खुलने का समय बदलने के बारे में उप शिक्षा निदेशक नाहन से पत्र मिला है।
पांवटा साहिब प्राथमिक शिक्षा खंड के तहत 72 स्कूलों में करीब 5923 बच्चे शिक्षारत हैं। शनिवार से इन प्राथमिक पाठशालाओं के खुलने का समय भी सुबह 7:30 से दोपहर 12:50 तक किया जा रहा है। इस बारे में सभी स्कूलों के प्रबंधन वर्ग को सूचित कर दिया गया है।