विक्रमबाग में पुल का शिलान्यास पर विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सहजल अन्य लोगों के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
नाहन (सिरमौर)। मारकंडा नदी पर नौ करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से मंडेरवा गांव के लोगों के लिए पुल का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। पुल के बनने से बिक्रमबाग-खदरी-मोगीनंद सड़क पर हजारों लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने विक्रमबाग मेें मारकंडा नदी पर मंडेरवा गांव के लिए दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पैदल पुल की आधारशिला रखने के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी दी। पैदल पुल की आधारशिला विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने रखी।
इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कहा कि बरसात के मौसम में मारकंडा नदी का जल स्तर बढ़ जाता है, जिससे लोगों को मंडेरवा गांव को आने-जाने की समस्या होती है। उन्होंने कहा कि इस पैदल पुल के बनने से मंडेरवा गांव के अनुसूचित जाति के 25 परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विक्रमबाग में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से खैरवाला-डांगवाला सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। शीघ्र इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। डॉ. बिंदल ने कहा कि सुकेती-कौंथरों-खजूरना सड़क को पक्का करने पर 11 करोड़ 50 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश में इससे पूर्व कांग्रेस की सरकार के दौरान विशेषकर जिला सिरमौर विकास के क्षेत्र में उपेक्षित रहा है लेकिन, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में जिला सिरमौर में विकास की गति को और तीव्र किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपनी पहली बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष कर दिया है। उन्होंने कहा कि मंडेरवा गांव के संपर्क मार्ग पर दस लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इस अवसर पर देवनी ग्राम पंचायत प्रधान रामचंद्र, बिक्रमबाग के उपप्रधान रामकुमार, बीडीसी उपाध्यक्ष सतार मोहम्मद, जिला परिषद सदस्य मनीष चौहान, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी महेश सिंघल, अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अर्जुन नेगी आदि उपस्थित रहे।