नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में पुलिस आरक्षी और चालकों के 113 पदों के लिए रविवार को लिखित परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा तीन केंद्रों पर हुई। कुल 6,557 अभ्यर्थियों में से 5,862 ने यह परीक्षा दी। 692 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। जबकि तीन अभ्यर्थी पेपर लीक मामले के चलते परीक्षा में नहीं बैठ पाए।
परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले अधिकतर अभ्यर्थियों की जुबान पर था कि पिछली लिखित परीक्षा के मुकाबले इस बार पेपर मुश्किल था। कुछ के चेहरे पर खुशी थी तो कुछ के चेहरे पर शिकन भी थी।
समय 9:10 बजे। स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन। यहां पर परीक्षा केंद्र के बाहर महिला अभ्यर्थियों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुईं थीं। पुलिस कर्मी अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग कर उनके एड्मिट कार्ड की जांच कर रहे थे। जो अभ्यर्थी बैग आदि लेकर आए थे, उनके रखने के लिए एक कमरे में व्यवस्था की गई थी। पूरी तरह से जांच करके अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में भेजा जा रहा था। ठीक 12:00 बजे पुलिस कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिया।
समय 1:08 बजे। महिला अभ्यर्थी पेपर देकर गेट से बाहर आए। अभ्यर्थियों में पेपर को लेकर चर्चा हो रही थी। अधिकतर एक दूसरे को यही कहते नजर आए कि इस बार पहले की अपेक्षा कठिन पेपर आया है। पता नहीं क्या परिणाम रहेगा।
इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय नाहन में बनाए गए केंद्र और हिमालयन कॉलेज कालाअंब में भी सुबह तय समय अनुसार ही परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। जैमर और सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा हुई।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जम्वाल ने बताया कि सिरमौर जिले के नाहन और कालाअंब में तीन परीक्षा केंद्रों पर 5,862 पुरुष और महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि 692 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे जबकि तीन पेपर लीक मामले के चलते परीक्षा में नहीं बैठ पाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा के पुलिस की कड़ी निगरानी में ली गई।
---
1. पांवटा की ज्योति तोमर ने बताया कि पिछली परीक्षा की बनिस्पत इस बार पेपर काफी मुश्किल था। उन्होंने बताया कि पिछली परीक्षा में 41 नंबर प्राप्त किए थे। इस बार कुछ कह नहीं सकते।
---
2. टौरूं की अंकिता ने बताया कि उनकी परीक्षा लगभग अच्छी गई है। हालांकि पेपर थोड़ा कठिन था। परीक्षा केंद्र में पुलिस विभाग की व्यवस्था काफी अच्छी थी।
--
3. बागथन की दिव्यांशी ठाकुर ने बताया कि उनका पिछली परीक्षा में पेपर अच्छा नहीं हुआ हुआ था। इस बार मेहनत काफी की थी लेकिन पेपर मुश्किल आने से थोड़ी मायूसी जरूर है।
--
4. बनाह की सैर की दिव्यांशिका ने बताया कि उनका पेपर फिफ्टी-फिफ्टी गया है। पिछली बार 37 अंक प्राप्त किए थे। परीक्षा केंद्र में व्यवस्था अच्छी थी। इसके अलावा एचआरटीसी की बस में मुफ्त किराये की सुविधा मिली।
-- 5. नेहरस्वार की अनामिका प्रकाश ने बताया कि पिछली बार उन्होंने 35 अंक हासिल किए थे। इस बार उम्मीद है कि इससे अधिक आएंगे। हालांकि पेपर काफी कठिन था।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड की जांच करता पुलिस कर्मी। संवाद- फोटो : NAHAN
कन्या स्कूल नाहन में परीक्षा देकर वापिस आतीं महिला अभ्यर्थी। संवाद- फोटो : NAHAN