रेणुका बोर्ड ने दूसरे दिन कमाए 25 लाख रुपये
रिकार्ड चार लाख रुपये में बिका झूले का प्लॉट
कुल 151 प्लाटों की हुई निकाली, 25 लाख जुटाए
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
अंतरराष्ट्रीय रेणुका जी मेले के आयोजन को लेकर व्यापारियों का उत्साह देखतेे ही बन रहा है। व्यापारियों में प्लाटों को लेने के लिए जबरदस्त होड़ लगी हुई है जिसको लेकर रविवार को दूसरे दिन 151 प्लाटों की बिक्री से बोर्ड को करीब 25 लाख रुपये की आय अर्जित हुई। जबकि झूले के प्लॉट की बोली ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़कर रख दिए।
झूले का प्लॉट सर्वाधिक चार लाख रुपये में बेचा गया जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना के करीब है। झूले के प्लॉट की बोली में कुल तीन ठेकेदारों ने भाग लिया जिसमें सरकारी बोली 2.10 लाख रुपये से शुरू होकर 4 लाख रुपये में छूटी। झूले के प्लॉट को लेने के लिए नालागढ़ के मनीष कुमार ने 3.80 लाख, सहारनपुर के हरवीर सिंह ने 3.90 लाख की बोली लगाई। जबकि यमुनानगर के अमजद अली ने 4 लाख रुपये की आखिरी बोली लगाई। झूले प्लॉट की बिक्री से बोर्ड को पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना मुनाफा हुआ।
पिछले वर्ष झूले के प्लॉट की बोली 1.52 लाख रुपये से शुरू होकर 2.10 लाख रुपये में छूटी थी। मेला प्रबंधन की ओर से मेला मैदान में कुल 650 प्लॉट तैयार किए गए हैं जिनमें से अग्रिम पंक्ति के 341 प्लॉटों को ही बोली के आधार पर दिया जा रहा है। पिछली पंक्ति के 309 प्लॉटों को न्यूनतम दरों को दिया जाएगा। जबकि प्रदर्शनी मैदान में तैयार किए गए 27 प्लॉटों के लिए अभी तक किसी भी विभाग ने आवेदन नहीं किया है।
मेला अधिकारी व ददाहू के तहसीलदार देवी सिंह कौशल ने रविवार तक 151 प्लाटों के बिकने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्लॉट आवंटन प्रक्रिया बेहतर व शांत माहौल में चल रही है। सभी प्लॉट बोली के आधार पर ही दिए जा रहे हैं। व्यापारी स्वयं ही बढ़-चढ़कर बोली लगा रहे हैं। प्लाटों के आवंटन की प्रक्रिया 28 अक्तूबर तक जारी रहेगी। इस मौके पर कानूनगो केआर भारद्वाज हीरा सिंह चौहान, धनर्म दत्त, अशोक पंवार सहित राजस्व व रेणुका विकास बोर्ड के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
-----योगेंद्र अग्रवाल-- तन्हा