नाहन (सिरमौर)। प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने शनिवार को नाहन में सिरमौर जिला में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में बूथ स्तर पर मतदाताओं को चुनाव में वोट डालने और वीवीपैट के बारे में जानकारी दी जाए ताकि 9 नवंबर को होने वाले चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशतता में वृद्धि हो सके।
राजपूत ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन में पहली बार महिलाओं को चुनाव ड्यूटी पर लगाया जा रहा है। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में दो महिला बूथ स्थापित किए जाएंगे जिसमें महिलाओं को ही चुनाव ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।
विज्ञापन
इस मौके पर उन्होंने चुनाव ड्यूटी में बीमार होने वाले कर्मियों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने, जिला की सीमाओं पर लगे बैरियरों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के भी निर्देश दिए। डीसी बीसी बडालिया ने जिला में किए गए चुनाव प्रबंधों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपाणी ने मुख्य चुनाव अधिकारी को चुनाव के दौरान सुरक्षा संबंधी प्रबंधों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला में कुल 1949 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो अर्ध सैनिक बलों की टुकड़ियों को भी तैनात किया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस ब्रस्कोन, तहसीलदार निर्वाचन श्रवण नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।