अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
खालाक्यार पंचायत के अंतर्गत रेणुका-सतौन मार्ग पर स्थित सालांह पुल के समीप खुले शराब के ठेके के विरोध में महिलाएं लामबंद हो गई हैं। ठेका बंद करने को लेकर महिला मंडल खाला दाऊन का एक प्रतिनिधिमंडल आबकारी एवं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त से मिला जिसमें महिलाओं ने गांव में ठेका खोलने का विरोध किया। खालाक्यार पंचायत के उप प्रधान देवी राम शर्मा के नेतृत्व में मिले महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने ठेका बंद न होने की सूरत में अदालत का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी भी दी है।
उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष भी कई दिनों तक महिलाओं ने यहां ठेका खोलने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया था लेकिन विभाग ने महिलाओं के आंदोलन के बावजूद भी वहां ठेका खोल दिया। इस वर्ष महिलाएं ठेके के विरोध में फिर से लामबंद हो गई हैं। प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिला मंडल की प्रधान बबिता देवी, सचिव सुमित देवी, वार्ड सदस्य रक्षा देवी, हर देवी, नारदा देवी, लाजो देवी व कांता देवी ने कहा कि ठेका खुलने के कारण आए दिन महिलाओं को शराबियों का सामना करना पड़ रहा हैं। जहां ठेका खोला गया है, उसी रास्ते से ही जंगल के लिए एकमात्र रास्ता है। महिलाएं घास-पत्तियां व पशु चराने के लिए इसी रास्ते से होकर गुजरती हैं लेकिन इस रास्ते में शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि सलांह पुल से ठेके को बंद नहीं किया गया तो महिलाओं को आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। उधर, एटीसी जीडी ठाकुर ने बताया ठेका खोलने की तमाम प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सरकार की स्वीकृति के बाद ही वहां ठेका खोला गया है। स्वीकृति मिलने से पहले ही महिलाओं को विरोध करना चाहिए था। अब ठेके को बंद नहीं किया जा सकता।