पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में 18 से 26 तक चलने वाले ेतिहासिक होली मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। यहां शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल समेत रिर्जव की दो बटालियनें, जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस और होमगार्ड के करीब 350 जवानों को तैनात कर दिया है।
इसमें 100 महिला पुलिस जवान शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन टीम भी तैनात कर दी गई है। इसके अलावा एक क्विक एक्शन टास्क फोर्स भी गठित की गई है जो हुड़दंगियों पर त्वरित कार्रवाई करेगा। डीएसपी बीर बहादुर ने बताया कि मेले में सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
चार सेक्टरों में बांटा पांवटा साहिब
डीएसपी बीर बहादुर ने बताया कि पांवटा को चार सेक्टरों में बांटा है। पहले सेक्टर में मेला स्थल, पुलिस थाना, गुरुद्वारा साहिब, एसडीएम कांप्लेक्स, नगर परिषद कार्यालय, यमुना घाट और सिविल अस्पताल को रखा है। दूसरे सेक्टर में कन्या स्कूल से वाई प्वाइंट, मेन बाजार, हाउसिंग एरिया और बस स्टैंड को शामिल किया है। तीसरे सेक्टर में यमुना बैरियर से बांगरण चौक, विश्व कर्मा चौक, देवीनगर, वार्ड नंबर 9 और 10 शामिल किया गया है। चौथे सेक्टर में पांवटा बांगरण चौक से बद्रीपुर चौक, सब्जी मंडी एरिया, मिशन स्कूल एरिया, गवर्नमेंट कॉलेज एरिया, हरिपुर टोहाना रोड, तारूवाला रोड और भुपपूर को रखा गया है। इस सेक्टर के जिम्मे पूरी ट्रैफिक व्यवस्था होगी।
यहां रहेगी पार्किंग की सुविधा
मेले दौरान कार, जीप, टेंपो ट्रेवलर्स के लिए देइजी साहिबा कांप्लेक्स पार्किंग, एसवीएम स्कूल ग्राउंड, डीएवी स्कूल ग्राउंड, विश्वकर्मा चौक के पास निजी प्लाट, टेंपो स्टैंड के पास एमसी पार्किंग सब्जी मंडी पार्किंग और बीवी जीत कौर स्कूल ग्राउंड पार्किंग रखी है। भारी वाहनों ट्रैक्टर, ट्रक और बसों के लिए मिशन स्कूल बेहड़ेवाला पार्किंग और गवर्नमेंट कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग रखी है। एमसी कांप्लेक्स का उपयोग वीआईपी, अतिथि वाहनों के लिए पार्किंग के रूप में किया जाएगा। उत्तराखंड से आने वाले तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले तीर्थयात्री ट्रक, बसें, पर्यटक वाहन ट्रैफिक जाम की जांच के लिए कुल्हाल में खड़े होंगे।