कन्या स्कूल नाहन से स्वर्ण जयंति मिडल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते विद्या?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। एससीईआरटी सोलन की ओर से रविवार को सिरमौर जिला में स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में 2302 बच्चों ने भाग लिया, जबकि 351 बच्चे अनुपस्थित रहे।
जिले के 14 शिक्षा खंडों के 51 स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा केंद्रों में कोविड प्रोटोकॉल के अंतर्गत बच्चों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज किया गया। बच्चों को हैंडवॉश व मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों में सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए बैठने की व्यवस्था की गई।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां पर व्यवस्थाओं की जांच की। शिक्षा उपनिदेशक ने बनकला, रामपुर भारापुर, माजरा और पुरुवाला स्कूल में स्थापित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि यह योजना पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रारंभिक स्तर पर प्रतिभा की पहचान के लिए शुरू की गई है। स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा में योग्यता के आधार पर तीन वर्षों के लिए कक्षा छठी में चार हजार, सातवीं कक्षा में पांच हजार और आठवीं कक्षा में छह हजार प्रति माह दिए छात्रवृत्ति के तौर पर प्रदान किए जाएंगे।
जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर गुरजीवन शर्मा ने बताया कि रविवार को हुई स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा में 2302 बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि जिले में 51 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। सभी केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए परीक्षा करवाई गई। उन्होंने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची।