अमर उजाला ब्यूरो
सराहां(सिरमौर)। जिला स्कूल क्रीड़ा संघ की एक बैठक सराहां में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता जिला उपनिदेशक उमेश बहुगुणा ने की। बैठक में अंडर-19 वर्ग क्रीड़ा कैलेंडर को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान साल भर में होने वाली खेलकूद स्पर्धाओं को लेकर भी चर्चा की गई। इसके अलावा उन स्कूलों का चयन किया गया जहां अंडर-19 वर्ग के छात्र-छात्राओं की खेलकूद स्पर्धाएं आयोजित होनी हैं। लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा 8 से 11 जुलाई तक करवाने का निर्णय लिया गया। जबकि लड़कों की खेलकूद स्पर्धा 16 से 19 जुलाई तक करवाने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान जिला में सात जोन चयनित किए गए जिसमें पांवटा, नाहन, शिलाई, संगड़ाह, सराहां व सतौन शामिल रहे। इस दौरान निर्णय लिया गया कि नाहन जोन की अंडर-19 वर्ग की लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दीद पनार में होगी। जबकि इस जोन के लड़कों की स्पर्धा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनकला में तय की गई।
पांवटा जोन की लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जामलीवाला जबकि लड़कों की खेलकूद स्पर्धा के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंजोली को निर्धारित किया गया।
इसी प्रकार शिलाई जोन की लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा पनोग स्कूल तथा लड़कों की स्पर्धा शिलाई स्कूल में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जबकि संगड़ाह जोन की लड़कियों की खेल स्पर्धा सैंज स्कूल तथा लड़कों की स्पर्धा नौहराधार स्कूल में आयोजित करने पर सहमति बनी।
वहीं राजगढ़ जोन की लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा रावमापा सनौरा तथा लड़कों की खेलकूद स्पर्धा सैन्या दीदग स्कूल में आयोजित करने पर सहमति बनी।
सराहां जोन की लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयहर में और लड़कों की खेल स्पर्धा के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहां का चयन किया गया। इसी प्रकार सतौन जोन की लड़कियों की खेलकूद स्पर्धा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सतौन तथा लड़कों की स्पर्धा बघानी स्कूल में निर्धारित की गई।
इस मौके पर सराहां स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. एचआर शर्मा, सराहां कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य रोहित वर्मा, बनाहां की सैर स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह, नीरज महेश्वरी, सुरेंद्र लखनवाल, अजीत चौहान, पंकज सकलानी, सुरेश कांत, सीमा गर्ग, पवन भंडारी, वेंकटेश भारद्वाज व संजय कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।