हरिपुरधार/नौहराधार (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों हरिपुरधार और नौहराधार में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इन क्षेत्रों में दो सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ। जबकि, जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में रविवार रात से बर्फबारी का क्रम जारी है। सोमवार दोपहर तक यहां 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ।
चूड़धार में यह सीजन की तीसरी बर्फबारी है। इसके साथ-साथ जिले के कई क्षेत्रों में रविवार रात और सोमवार दोपहर बाद बारिश की फुहारें बरसीं। मौसम की अचानक करवट से समूचा जिला सिरमौर ठंड की चपेट में आ गया है। शीतलहर बढ़ने से सोमवार को ऊंचाई वाले इलाकों में लोग घरों में दुबके रहे। बाजारों से रौनक पूरी तरह गायब रही।
बर्फबारी के बाद हरिपुरधार और नौहराधार में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर एक डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जबकि नौहराधार में सात डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चूड़धार में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस में पहुंच गया है। अबतक चूड़धार में डेढ़ से दो फीट बर्फ गिर चुकी है। वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्र नौहराधार में सुबह बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई। दोपहर बाद यहां तापमान गिरने से ताजा हिमपात भी हुआ। ठंड से बचने के लिए अधिकतर लोगों ने हीटर व अलावा का सहारा लिया।
.........
400 से अधिक गांवों में घंटों गुल रही बिजली
खराब मौसम के चलते हरिपुरधार, गत्ताधार और पनोग आदि क्षेत्रों के 400 से अधिक गांवों में सोमवार को तीन घंटों तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। बिजली गुल होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को जहां भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, कई उठाऊ पेयजल योजनाओं के ठप होने से कई इलाकों में लोगों को पेयजल किल्लत का भी सामना करना पड़ा। नौहराधार आदि क्षेत्रों में सोमवार दिनभर बिजली की आंखमिचौनी लगी रही।
पंचायत प्रधान नौहराधार राजेंद्र सिंह, सिंह, अशोक ठाकुर, संजय, महिपाल, सुरेंद्र सिंह, कपिल, रविंद्र सिंह, हरिपुरधार के उजागर सिंह राणा, मोहन शर्मा, रजनीश ठाकुर, यशपाल और गोपाल आदि ने बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि थोड़ी भी बारिश होती है तो बिजली गुल हो जाती है। उन्होंने विभाग से व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।