शिलाई (सिरमौर)। ग्राम पंचायत कोटि-बौंच में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। उपप्रधान और वार्ड सदस्यों की शिकायत पर उपायुक्त ललित जैन ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए एक टीम पंचायत पहुंची। पंचायत निरीक्षक हरिचंद, उप निरीक्षक बालक राम शर्मा ने शिकायतकर्ताओं के बयान लिए।
उपप्रधान मदन सिंह, वार्ड सदस्यों बलबीर सिंह, उर्मिला देवी, शीला देवी, सुंदरी देवी, भवन सिंह, बाबूराम ने जांच कमेटी को दिए बयान में आरोप लगाए हैं कि पंचायत के कार्य मनमर्जी से किए गए हैं। जांच कमेटी ने बताया कि प्रधान भूप सिंह का बयान न मिलने के कारण जांच कमेटी 17 फरवरी को फिर पंचायत आएगी। उधर, पंचायत प्रधान भूप सिंह ने बताया कि उन पर लगाए आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। 17 फरवरी को वह अपने बयान दर्ज करवाएंगे।