नाहन (सिरमौर)। पांवटा साहिब की एक दुकान में चोरी करने के बाद कालाअंब पुलिस बैरियर तोड़कर फरार हुए शातिरों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाए हैं। पुलिस ने चोरी में प्रयोग की गई गाड़ी भी ट्रेस कर ली है लेकिन, चोरी को अंजाम देने वालों को दबोचा नहीं जा सका। पुलिस कर्मचारी को घायल कर फरार हुए इन शातिरों को दबोचने के लिए पुलिस ने चंडीगढ़ और हरियाणा के लिए पुलिस टीमें भेज दी हैं। मुखबिरों को भी चौकन्ना कर दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि इसके लिए कालाअंब और पांवटा पुलिस की एक स्पेशल टीम पंजाब और हरियाणा में शातिरों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर रही है लेकिन, अभी तक इसमें कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे पांवटा साहिब की एक दुकान का शटर तोड़ कर चोर करीब चालीस हजार रुपये की नकदी उड़ाकर ले गए थे। काले रंग की गाड़ी में सवार होकर ये लोग पांवटा से नाहन होते हुए कालाअंब की तरफ भागे। चोरी की सूचना के बाद कालाअंब में नाका लगाया गया था लेकिन, शातिरों ने नाके पर गाड़ी रोकने की बजाय इसे तेज गति से पुलिस कर्मचारियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिस कर्मचारी गाड़ी की चपेट में आने से घायल भी हो गया है। चोरों की तलाश के लिए पांवटा और कालाअंब पुलिस दिन-रात जुटी हुई है। इसके लिए स्पेशल टीम बनाकर पंजाब को भेजी गई है लेकिन अभी तक वारदात को अंजाम देने वाले पुलिस की पकड़ से दूर हैं। एएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शातिरों को पकड़ने के लिए पांवटा और कालाअंब पुलिस की एक स्पेशल टीम बनाई गई है। टीम को पड़ोसी राज्य में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द आरोपी दबोच लिए जाएंगे।