अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जिला सिरमौर को गवर्नर ट्रॉफी दिलाने वाले विजेताओं के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। 23 दिसंबर को डाइट हाल नाहन में होने वाले सम्मान समारोह में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक मनमोहन शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
इस दौरान विभिन्न गतिविधियों में सिरमौर को गवर्नर ट्रॉफी का खिताब दिलाने वाले जिला के खिलाड़ियों को सम्मान से नवाजा जाएगा। शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक दिलीप सिंह नेगी व एडीपीईओ रमेश सरैक ने बताया कि 2015 के बाद 2017 में भी गवर्नर ट्रॉफी दिलाकर सिरमौर के खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेश में नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला में 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक अंडर-14 गवर्नर ट्रॉफी का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर फिर से सिरमौर के सिर गवर्नर ट्रॉफी का ताज सजाया। इन खिलाड़ियों के सम्मान के लिए नाहन में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
बाक्स--
समारोह में इनका होगा सम्मान
खो-खो प्रतियोगिता के लिए धरोटी स्कूल से कृतिका व अमितिका, गुरूनानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा से बास्केटबाल प्रतियोगिता के विजेता अवजोत सिंह, गुनजोत सिंह, प्रियांशु, राहुल ठाकुर, गुरजोत सिंह व लक्ष्य तोमर, एथलेटिक्स के लिए सारांश, सतविंद्र कौर, सुप्रीत कौर, कबड्डी के लिए टिंबी की नीलम, पोटा मानल की प्रिया व पमिता, बैडमिंटन में आरवीएन स्कूल ददाहू की प्रियांशी, हैंडबाल में पभार स्कूल की पायल व शीतल, हॉकी में नघेता स्कूल की अंकिता, मुस्कान, महिमा, हीना, भूमिका, सोनाली, कशिश, सुषमा, प्राक्शी, सुहानी, कृष्णा व मांसवी को विशेष सम्मान दिया जाएगा।
इसके अलावा वॉलीबाल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिव्या शर्मा, अक्षित, निकिता, अंकिता, महक, एथलेटिक्स के लिए सोनिका, पायल, इशिता, महक, संदीप, गौरव, पार्थ, सूरज, सागर, कुलदीप, रोहन, रितिक, निसार व सक्षम आदि खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।