नाहन (सिरमौर)। विधानसभा चुनाव में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध कर रखे हैं। वहीं, चुनाव में मोर्चा संभालने के लिए इस बार बीएसएफ के जवान मोर्चा संभालेंगे। सिरमौर के लिए बीएसएफ की पांच कंपनियां बुलाई गई हैं।
इसके अलावा आईटीबीपी की दो कंपनियां सिरमौर में पहुंच गई हैं।
पुलिस ने जिले के 13 संवेदनशील स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। इनमें सिरमौर पुलिस को सफलता भी मिली है। कई स्थानों पर शराब के मामले सामने आए हैं। जबकि कई जगह पर नकदी भी पकड़ी गई है।
अब तक लगभग 25 लाख रुपये पकड़े जा चुके हैं जिनमें से सराहां में बरामद हुए करीब 15 लाख रुपये सीज कर दिए गए हैं।
नौ नवंबर को हिमाचल में मतदान होगा। जबकि 18 दिसंबर को मतों की गणना। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतदान के दिन सिरमौर के कई अति संवेदनशील बूथों पर बीएसएफ के जवानों का पहरा रहेगा, जबकि आईटीबीपी के जवानों ने बैरियरों पर मोर्चा संभाल लिया है। बीएसएफ के जवान पोलिंग बूथों पर सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से निपटने के लिए पुलिस तैयार है। सराहं, पच्छाद, कालाअंब आदि राज्य की सीमा से सटे इलाकों में कुल 13 बैरियर स्थापित किए गए हैं। इन बैरियरों पर आईटीबीपी और पुलिस तैनात की गई है। अब तक पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में करीब 25 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है।
हालांकि, कई मामलों में दस्तावेज दिखाने पर नकदी वापस की गई लेकिन सराहां में पकड़ी गई 15 लाख रुपये की नकदी आयकर विभाग ने कब्जे में ले ली है। इस मामले में वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
बॉक्स---
कल सिरमौर आएंगे डीजीपी
पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल वीरवार को सिरमौर दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वह जहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। वहीं, अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। उनका निरीक्षण का भी कार्यक्रम है। एसपी रोहित मालपानी ने पुलिस महानिदेशक के आने की पुष्टि की है।
--
शराब पकड़ने में मिली सफलता
पुलिस को शराब पकड़ने में भी खासी सफलता मिली है जिसके तहत शिलाई क्षेत्र में हरियाणा ब्रांड की सौ से अधिक पेटियां भी शामिल हैं। इसके अलावा पांवटा और कालाअंब में पुलिस ने शराब की बड़ी खेपें बरामद की हैं जिन पर कार्रवाई की जा रही है।
---------------