अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सरकारी बस में ओवरलोडिंग से परेशान लोगों का शुक्रवार को नाहन में निगम के खिलाफ जमकर गुस्सा फूटा। बस में पैर रखने तक की जगह न मिलने से गुस्साए लोगों ने दिल्लीगेट पर बस रोककर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए लोगों ने यहां आधे घंटे तक बस को रोके रखा। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के मौके पर पहुंचने और अतिरिक्त बस चलाने के बाद ही लोग शांत हुए। ग्रामीणों की मांग के आगे निगम को एक अतिरिक्त बस नाहन-कौलांवालाभूड़ रूट पर भेजनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को नाहन बस स्टैंड से नाहन-कौलांवालाभूड़ वाया सुरला रूट पर 3 बजे बस चली। इस 47 सीटर बस में बस अड्डे से ही 37 यात्री व 52 पास होल्डर स्कूली बच्चे चढे़। जब यह बस 3.10 मिनट पर दिल्ली गेट पहुंची तो इस बस में चढ़ने के लिए कई लोग पहले से ही तैयार खड़े थे। ऐसे में जब वह बस में चढ़ने लगे तो लोगों को सांस तक लेने में दिक्कत होने लगी। बस में यात्री भेड़-बकरियों तक तरह ठूसे जाने लगे। इसके बाद भी पूरे यात्री बस में नहीं समां पाए।
इससे परेशान लोगों ने बस से उतर कर उसका घेराव किया तथा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान लोगों ने निगम अधिकारियों से दूरभाष पर अतिरिक्त बस चलाने की मांग की। अधिकारियों के इंकार करने के बाद लोग बिफर गए और निगम के खिलाफ फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। मौके की नजाकत व यात्रियों के गुस्से को देखते हुए एचआरटीसी नाहन डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक रशीद शेख व अड्डा प्रभारी सुखराम मौके पर पहुंचे तथा लोगों को शांत करवाया। अधिकारी के अतिरिक्त बस चलाने की बात कहने के बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जब तक यह मामला शांत हुआ तब तक यातायात पुलिस ने ओवरलोडिंग को लेकर बस का चालान काट दिया।
बस ड्राइवर दलीप सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए बस रोकना उनकी मजबूरी है। यदि ओवरलोडिंग के बावजूद बस न रोकें तो यात्री शिकायत करते हैं।
उधर, निगम के आरएम रशीद शेख ने बताया कि बस में भीड़ को देखते हुए निगम की दूसरी बस भेज दी गई है। लोगों की मांग पर नाहन-कौलांवालाभूड वाया सुरला मार्ग पर हाल ही में सायं के समय अतिरिक्त बस चलाई गई है।
--सरकारी बस में ओवरलोडिंग पर भड़के लोग
--दिल्ली गेट पर ग्रामीणों ने परिवहन निगम के खिलाफ की नारेबाजी
आधे घंटे रोके रखी बस, मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय प्रबंधक
अतिरिक्त बस भेजे जाने के बाद शांत हुए गुस्साए लोग