नौहराधार/रोनहाट/सतौन। खराब मौसम के बीच जिले की दो दर्जन पंचायतों में मंगलवार को भी घंटों अंधेरा पसरा रहा। विद्युत उपमंडल चाडना के तहत नौहराधार, देवामानल, पुन्नरधार, बोगधार, शामरा, लानाचेता, सैर तंदुला, गवाही, भराडी, देवना, घंडूरी, चाडना, भवाही और शिवपुर सहित हरिपुरधार इलाकों की दर्जनों पंचायतों में रात दो बजे बिजली गुल हो गई थी। इन क्षेत्रों में 16 घंटे बिजली गुल रही।
मंगलवार को बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद भी आंखमिचौनी का सिलसिला लगा रहा। इससे उपभोक्ता परेशान रहे। अधिशासी अभियंता राजगढ़ नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 33 केवीए सब स्टेशन पनोग के अंतर्गत आने वाले सभी 112 ट्रांसफॉर्मर देर रात से बंद हैं।
33 केवीए सब स्टेशन चाडना के 18 ट्रांसफॉर्मर बंद हैं। चाडना से कुपवी लाइन के बीच खराबी आई है, जिसे मौसम सही होने पर ठीक कर दिया जाएगा। इसके अलावा सतौन उपमंडल के तहत दो दिन से मौसम खराब होने की वजह से पहाड़ी इलाके के गांवों में बिजली की आंखमिचौनी रही। पोक्का, कोडगा, सखोली, भजौन आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रही।
हालांकि मंगलवार को विभाग ने कई जगह विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी लेकिन कुछ क्षेत्रों में 48 घंटे बीत जाने के बाद भी सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई है। कनिष्ठ अभियंता गुरुदत्त चौहान ने बताया कि कई जगह से तार टूट गए हैं। अधिकतर स्थानीय जगहों पर लाइन ठीक कर दी है।
.....................
चूड़धार में सात सेंटीमीटर ताजा हिमपात, बढ़ा ठंड का प्रकोप
निचले क्षेत्रों में बारिश से फसलों को मिली संजीवनी, जिले के लोगों को गर्मी से राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/नौहराधार (सिरमौर)। जनपद सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में मंगलवार को भी सात सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ। अब तक चोटी पर आधा फीट के करीब बर्फबारी हो चुकी है। गत सोमवार को भी चोटी पर आठ सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई।
मंगलवार दोपहर बाद भी गिरिपार के विभिन्न हिस्सों और चूड़धार में बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे नौहराधार और हरिपुरधार आदि क्षेत्रों सहित समूचे इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है और क्षेत्र में ठंड का भी प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे मौसम के बीच ऊपरी क्षेत्रों के लोग ठंड से बचने के लिए घरों में दुबके रहे।
नौहराधार आदि कई हिस्सों में लोग ठंड भगाने के लिए स्थानीय दुकानदार हीटर और अलाव का सहारा लेते दिखे। वहीं, निचले इलाकों में लोगों को भारी गर्मी से निजात तो मिली ही कई हिस्सों में ठंड के एहसास ने अचंभित कर दिया। समूचे क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
उधर, अच्छी बारिश के बाद किसानों ने भी राहत की सांस ली है। फ्रांसबीन, टमाटर, आलू, मूली, शिमला मिर्च, अदरक, मक्की आदि फसलों के लिए भी बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं है। जिन क्षेत्रों में अभी मक्की की बिजाई शुरू नहीं हुई थी, वहां भी पर्याप्त नमी के बाद बिजाई शुरू हो जाएगी।
चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम ने बताया कि चूड़धार पें रविवार रात से मौसम खराब है। सोमवार को आठ सेंटीमीटर हिमपात हुआ। मंगलवार को भी सात सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। सुबह से चोटी पर बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है। उन्होंने सभी श्रद्घालुओं से अपील की कि मौसम साफ होने तक यात्रा न करें।
.