सिरमौर में जीपीएस से लैस परिवहन निगम की 104 बसें देंगी चुनाव में सेवाएं
सोलन और शिमला से भी पहुंचेंगी 24 बसें, 4 दिन तक कई बस रूट रहेंगे प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। लोकसभा चुनाव को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम की सेवाएं भी अब शुरू हो गई हैं। जिला सिरमौर में निगम की 104 बसें चुनाव के दौरान अपनी सेवाएं देंगी। निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन बसों को जीपीएस से लैस किया जाएगा ताकि बसों की पुरी मॉनिटरिंग हो सके।
एक जून को होने वाले मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियों को छोड़ने और वापस लेकर आने के साथ-साथ अन्य कई कार्यों के लिए भी निगम की बसों की मदद ली जाएगी। जिला सिरमौर में 104 बसें इस बार चुनाव में अपनी सेवाएं देंगी। इसमें नाहन डिपो से 80, सोलन से 12, परवाणू से 3 तथा शिमला से 9 बसें शामिल होंगी। सोलन डिपो की बसों को जिला सिरमौर के राजगढ़ व आसपास के क्षेत्रों में भेजा जाएगा क्योंकि यह क्षेत्र सोलन से मिलता है।
उधर, इस दौरान जिले में 30 मई से लेकर 2 जून तक बस रूट प्रभावित होंगे, जिसमें लोकल रूट अधिकतर हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बस रूट के हिसाब से अपने गंतव्य की योजना तैयार करनी होगी। हालांकि लंबे रूटों पर शेष बसों को चलाने को लेकर निगम ने पुख्ता प्रबंध कर दिए हैं। इसके अलावा निजी बसें अपने रूटों पर चलती रहेंगी, जिसके बाद यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी।
उधर, परिवहन निगम नाहन के आरएम राकेश कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर 104 बसें भेजी गई हैं, जिनमें नाहन की 80, शिमला की 9, परवाणू की 3 व सोलन की 12 बसें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बसों को जीपीएस से लैस किया जाएगा।