अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
विद्युत उपमंडल सतौन के अंतर्गत बड़वास और कमरऊ पंचायत में 72 घंटे से भी अधिक समय तक ब्लैक आउट रहा। दोनों पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांवों में बिजली नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसकी शिकायत जब विभाग के अधिकारी से की गई तो सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इससे गुस्साएं दोनों पंचायतों के युवाओं ने एकत्रित होकर बिजली बोर्ड के सतौन कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। यहां तक कि सब स्टेशन से अन्य पंचायतों की सप्लाई भी रोक दी गई।
युवा इस बात पर अड़े रहे कि जब तक उनके गांवों में बिजली नहीं आती, दूसरे इलाकों को भी सप्लाई नहीं दी जाएगी। दिन भर हुए इस प्रदर्शन के बाद आखिर जैसे-तैसे बिजली बोर्ड ने शाम करीब 5:30 बजे बिजली बहाल कर दी।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष कंवर ठाकुर, भाजयुमो अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, सूर्या, सुनील चौहान, प्रताप ठाकुर, कपिल ठाकुर, लाल सिंह, साधु राम, सुमेर चंद, सुरेंद्र, महेंद्र तोमर, राजेंद्र शर्मा, भगवान सिंह, राजेंद्र ठाकुर, रतन ठाकुर, कपिल चौहान, भगवान सिंह चौहान, दलीप तोमर, दिनेश शर्मा आदि ने बताया को 26 अप्रैल से पंचायत की बत्ती गुल है। लगभग एक दर्जन गांव में अंधेरा पसरा है। इस संदर्भ में उच्च अधिकारियों से भी बात की गई थी लेकिन वहां से सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इस वजह से उन्हें प्रदर्शन के लिए विवश होना पड़ा।
उधर, तमाम इलाके की बिजली बंद होने जाने के बाद बिजली बोर्ड के अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। बोर्ड के सहायक अभियंता मुकेश शर्मा ने मौसम की वजह से खराबी आई थी। शाम करीब 5:30 बजे बिजली बहाल कर दी गई है।
बॉक्स के लिए--
सात दिनों से अंधेरे में झकांडों
शिलाई (सिरमौर) शिलाई विकास खंड की पंचायत झकांडो के सात गांव एक सप्ताह से अंधेरे में है। तूफानी हवाएं चलने से यहां पर बिजली गुल हो गई थी। जो अब तक बहाल नहीं हो सकी। इससे लोगों का दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि बिजली का ट्रांसफार्मर जलने से यह समस्या आई है। पंचायत के पूर्व प्रधान अत्तर सिंह चौहान, लायक राम, नेत्र सिंह, बीजाराम, बस्ती राम, जातिराम, जीत सिंह, कुंबिया राम, दलीप सिंह, नारायण सिंह, मोहर सिंह, रत्तन सिंह ने बताया कि उनके पंचायत का बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने से झकांडो, कोउटा, थालेनु, भटोड़ी, नोराबास, नावना, भजोटी में बिजली नहीं है। उधर, बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अनिल शर्मा ने बताया कि सोमवार तक नया ट्रांसफार्मर लगा लिया जाएगा।