‘लागा ढोलों रा ढमाका...’ पर मचा धमाल
पांवटा में हाटी समिति का महासम्मेलन आयोजित
हाटी समिति के मंच पर दिखे भाजपा के कई नेता
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
एसटी दर्ज की लड़ाई लड़ रही हाटी समिति की ओर से रविवार को पांवटा साहिब में महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गिरिपार क्षेत्र से भारी संख्या में लोगों ने पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। समारोह में सांसद वीरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि शरीक हुए, जबकि विकास नगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान समेत सिरमौर के भाजपा नेता इस सम्मेलन में शरीक हुए।
हाटी महासम्मेलन के दौरान लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली। द्राविल के बाजगी ने गिरिपार की लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम पेश किया। राजगढ़ के जोगिंद्र हब्बी व विद्यानंद सरेक की टीम ने आदिकाल से चले आ रहे सुर व ताल को संजोये रखी गीत गजलों की प्रस्तुति दी। भरयाल्टू नृत्य, पूजा कोरनी विजटों री, लागा ढोलो रा ढमका, महारा हिमाचलो बड़ा बांका, तेरे मुंहों दा तिला, चूड़ी लानी रा हिओ रे, सेरी दे कोलाऊ पचि रुई लोबीए, गिरिओ रु पाणी गीत प्रस्तुत किया।
कफोटा कॉलेज की छात्रा मनीषा पुंडीर ने आमरी हाटी संस्कृति आमरी पहचान.. विषय पर पहाड़ी में विचार रखे। छात्रा को ओम प्रकाश चौहान व भाव सिंह ने 1100-1100 की राशि दी। इसके बाद आत्मा राम शर्मा, जगदीश शर्मा व विमला पराशर, मुरतू देवी समेत महिलाओं की टीम ने अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विधायक पांवटा सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक शिलाई बलदेव तोमर, एसीजीएम विवेक खेनाल, कर्नल नरेश चौहान, केंद्रीय हाटी समिति अध्यक्ष डॉ अमीचंद, महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री, सुरेंद्र हिंदुस्तानी, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, डीएसपी प्रमोद चौहान आदि मौजूद रहे।
----------
एकता और संस्कृति को बढ़ावा देना मकसद : डॉ. अमीचंद
केंद्रीय हाटी समिति अध्यक्ष डॉ. अमी चंद, महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री व पांवटा समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने कहा कि एसटी दर्ज की मांग 1968 से है। हाटी जेनरिक शब्द है, जिसमें हर जाति के लोग हैं। आदिकाल से हाटी लोग रह रहे हैं। किन्नौर व गद्दी की फाइल भी स्टडी की गई है। वहां भी हर जाति के लोग रहते हैं। अध्यक्ष ने रजिस्ट्रार जनरल से तमाम पत्र व्यवहार, जौनसार बाबर की फाइल, जेनरिक नेम, नोडल एजेंसी की रिपोर्ट व 1996 की रिपोर्ट की जानकारी दी है।
-----------
हाटी क्षेत्र की वेबसाइट लांच
महासम्मेलन में केंद्रीय हाटी समिति की वेबसाइट लांच की गई। हाटी संस्कृति के लिए उल्लेखनीय योगदान पर हिमोत्कर्ष संस्था के अध्यक्ष आरपी तिवारी व उत्तराखंड के टिक्का राम शाह को विशेष रुप से सम्मानित किया गया। आरपी तिवारी ने हाटी क्षेत्र पर किताब व हारुल पर किताब निकालने में अहम भूमिका निभाई।
-------------------