हिमाचल प्रदेश के सिरमौर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशा तस्कर महमूद अली के ड्रग सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत आज 4.41 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई। जब्त की गई संपत्तियों में 12 छोटे वाहन, एक ट्रक और तीन मकान शामिल हैं। जब्त संपत्ति से संबंधित मामला कानूनी कार्रवाई के लिए नई दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया है। वहां संपत्ति की पुष्टि और स्थायी जब्ती की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी। पुलिस ने इसे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। महमूद अली और उसके सहयोगियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश व अन्य राज्यों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।