सिंहगाढ़, थाचड़ू, कुन्छा, भीम डवारी और पार्वती बाग में स्थापित बेस कैंप में पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। पार्वती बाग में नाला और झरना पार करवाने के लिए भी रस्सियां लगाई गई हैं। पुलिस जवानों को ग्लेशियर पार करवाने और श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने, आपात स्थिति में ग्लेशियर पर फिसलने या चोट लगने पर तुरंत सहायता प्रदान करने का जिम्मा सौंपा गया है। ग्लेशियर वाले संकरे रास्तों पर सुरक्षित आवागमन में भी पुलिस कर्मी भूमिका निभा रहे हैं।
जवान प्रशासन की ओर से उपलब्ध करवाए टैंट में ठहर रहे हैं, लंगर का खाना खा रहे हैं। शनिवार को पार्वती बाग में तैनात पुलिस टीम ने राजस्थान के अलवर से आए श्रद्धालु को रेस्क्यू किया। 42 वर्षीय नंद किशोर ग्लेशियर पर रास्ता भटक गए थे। उन्हें बेस कैंप तक पहुंचाया।
श्रीखंड यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए बटालियन से पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। ग्लेशियर और नाले पार करवाने के अलावा रास्ता भटकने वाले यात्रियों को रेस्क्यू करने में भी पुलिस जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। - अशोक तिवारी, पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश