फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: ठियोग-हाटकोटी सड़क पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 23 लोग घायल

Mon, 22 Jun 2026 08:52 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, ठियोग(रामपुर बुशहर)।

सार

ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर सोमवार को ठियोग के करीब पांच किलोमीटर दूर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और ट्रक में सवार 23 अन्य लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
ठियोग-हाटकोटी सड़क पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्तI - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिमला जिले के ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर सोमवार को ठियोग के करीब पांच किलोमीटर दूर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और ट्रक में सवार 23 अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान नीटू पुत्र पप्पू निवासी सालनपुर, डाकघर दाघेड़, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में घायल चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। यह हादसा सोमवार शाम करीब चार बजे ठियोग-हाटकोटी सड़क पर जैस घाटी के पास हुआ। चंडीगढ़ से ठियोग उपमंडल के स्नाई गांव में एक शादी समारोह के लिए बैंड पार्टी, एक घोड़ी और अन्य सामान लेकर आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गया। गनीमत रही सड़क पर किसी तरह संभलते हुए पलटा नहीं अन्यथा मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता था। क्रैश बैरियर से ट्रक की टक्कर के बाद सभी सवार झाड़ियों में गिर गए थे।

विज्ञापन

शादी समारोह में जा रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, ट्रक में करीब 24 लोग सवार थे, जो स्नाई गांव में आयोजित एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे थे। गांव से लगभग आठ किलोमीटर पहले ही वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में ट्रक चालक जितेंद्र पुत्र अजय सिंह निवासी चंडीगढ़ भी घायल हुआ है। चालक ने बताया कि लगातार उतराई होने के कारण ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए। स्थिति को भांपते हुए उसने वाहन को क्रैश बैरियर से टकराया और फिर दूसरी ओर जा रही सड़क की तरफ मोड़ दिया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। चालक की सूझबूझ से वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया अन्यथा जानमाल का नुकसान और अधिक हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल

सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला रेफर किया गया। ठियोग के एसडीएम शशांक गुप्ता ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वह स्वयं सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचे। प्रशासन की ओर से घायलों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाई गई है। सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्नाई गांव में आयोजित शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। क्षेत्र में घटना को लेकर शोक की लहर है।

 हादसे में ये हुए घायल  

हादसे में नीटू पुत्र पप्पू निवासी सालनपुर, डाकघर दाघेड़, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुधीर पुत्र राज कुमार गांव सीलमपुर, युधोडू, मुजफ्फरनगर, कोमल पुत्र राज कुमार, पप्पू गांव रेई, युधोडू निवासी मुजफ्फरनगर, रिटू पुत्र विजेंद्र युधोडू मुजफ्फरनगर, मोनू पुत्र जगमाल सिंह निवासी यमुनानगर, सतीश पुत्र प्रेम निवासी सेक्टर-25 चंडीगढ़, भोला पुत्र रामस्वरूप सेक्टर-25 चंडीगढ़, मुन्ना पुत्र किशनलाल सेक्टर-88 चंडीगढ़, मुकुल पुत्र रमेश डडूमाजरा चंडीगढ़, अभिषेक पुत्र रमेश कुमार डडूमाजरा चंडीगढ़, सूरज पुत्र द्वारका प्रसाद सेक्टर-38, रमेश पुत्र ज्योति प्रसाद डडू माजरा चंडीगढ़, सुमित पुत्र बुली सिंह सेक्टर-38 चंडीगढ़, प्रवीण पुत्र करनैल सिंह निवासी खार बन तहसील जगाधरी यमुनानगर हरियाणा, जितेंद्र पुत्र राजेश कुमार निवासी फेज-वन इंडस्ट्रियल कॉलोनी राम दरबार चंडीगढ़, रवि पुत्र पवन निवासी डडू माजरा चंडीगढ़, रौनक पुत्र सोनू निवासी डडूमाजरा, मुकुल रवि पुत्र बिशन दास, सुमित कुमार और रिंकू पुत्र मूलक राज शामिल हैं।

निरमंड में सड़क से नीचे लुढ़की टाटा नैनो, चार लोग घायल

निरमंड नगर पंचायत के वार्ड नंबर- सात से गुजरने वाली निरमंड-बागीपुल सड़क से रविवार शाम को एक टाटा नैनो कार एचपी 06ए-7340 सड़क से नीचे लुढ़क गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निरमंड अस्पताल पहुंचाया गया है। कार चालक के नियंत्रण खोने से यह हादसा पेश आया। कार में सवार चार लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। इस हादसे में चारों लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल निरमंड पहुंचाया। चारों घायल रामपुर के डकालेढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन

चौपाल में बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, घायल शिक्षक को आईजीएमसी रेफर

चौपाल के अंतरावली (धबास) में सोमवार को एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक के रूप में केवल एक व्यक्ति सवार था, जिसकी पहचान चौपाल तहसील के गांव अंतरावली (धबास) निवासी 55 वर्षीय जय पाल मेहता के रूप में हुई है। जय पाल मेहता शिक्षा विभाग में कला अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में धबास क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल जय पाल मेहता को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन बेहतर उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें