फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: बीसीएस के गेट से छठी के छात्रों का अपहरण, कोटखाई से तीनों बरामद, आरोपी गिरफ्तार; जानें मामला

Sun, 10 Aug 2025 06:53 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

BCS Shimla Students Found : बीसीएस शिमला के लापता तीन छात्र कोटखाई के कोकूनाला से बरामद कर लिए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
तीनों लापता बच्चे बरामद - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी शिमला के नामी बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) के लापता तीनों बच्चों को 24 घंटे में बरामद कर लिया है। छठी कक्षा के तीनों छात्रों का बीते दिन स्कूल गेट के बाहर से अपहरण किया गया था। शिमला पुलिस ने इन्हें आरोपी के घर कोटखाई से बरामद किया। आरोपी ने शनिवार को आउटिंग के लिए मालरोड जा रहे इन छात्रों को कार में लिफ्ट देने के बहाने बिठाया और फिर रिवॉल्वर के दम पर अपने घर ले गया। पुलिस ने अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन




अपहरणकर्ता ने कैलिफोर्निया के वर्चुअल नंबरों से अभिभावकों को फिरौती के लिए फोन कॉल किए थे। रास्ते का पता न चले, इसके लिए बच्चों की आंखों पर टेप बांध दी थी। अपहरण के लिए जिस कार का इस्तेमाल किया था, उसकी नंबर प्लेट बदलकर दिल्ली के नंबर की प्लेट लगाई थी। अपहृत बच्चों में एक पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस का चचेरा भाई, दूसरा करनाल के वार्ड नंबर 3 के पार्षद परमजीत सिंह का भतीजा और तीसरा कुल्लू के बंजार से विधायक रहे दिलेराम का परपोता है। आरोपी कोटखाई के कोकुनाला निवासी सुमित सूद ने तीनों बच्चों को अपने घर की चौथी मंजिल में छिपाकर रखा था।
विज्ञापन

 



 

Trending Videos

रविवार शाम पांच बजे पुलिस ने दबिश देकर बच्चे सुरक्षित बरामद कर लिए हैं। आरोपी और बच्चों को लेकर पुलिस देर शाम शिमला पहुंची। पुलिस ने आरोपी के घर से रिवाॅल्वर, धारदार हथियार चाॅपर, मास्क, टेप और सिम बरामद किए हैं। आरोपी का मोबाइल और वाहन भी कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी खुद भी बीसीएस स्कूल में पढ़ा है। उसके शेयर मार्केट में लगाए 50 लाख रुपये डूब चुके हैं। पुलिस छानबीन कर रही है कि आरोपी ने छात्रों का अपहरण क्यों किया था व कितने समय से वह वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। इस वारदात में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। न्यू शिमला पुलिस स्टेशन में मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (बी) के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। छठी कक्षा के बच्चों को बीसीएस से शिमला के मालरोड व रिज मैदान पर बिना किसी शिक्षक या कर्मी के भेजने पर उनकी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

बच्चों को धमकाकर ले लिए फोन नंबर, फिर किए काॅल
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने तीनों बच्चों को धमकाकर उनसे परिजनों के मोबाइल नंबर लिए और उनको फिरौती के लिए कॉल किए। करनाल के छात्र के परिजनों को फोन किया था। बंजार के छात्र के परिजनों को भी कॉल आई थी। हालांकि फिरौती के पैसे के लिए दोबारा कॉल करने को कहा गया था। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस अपने चचेरे भाई की तलाश में कोटखाई पहुंच गए थे। करनाल निवासी दूसरे छात्र के पिता का देहांत हो गया है। वह अपने चाचा के साथ रहता है।

खलीनी में दुकान के सीसीटीवी में दिखी कार तीन साै कैमरे खंगाल बच्चों तक पहुंची पुलिस
बच्चों के लापता होने के मामले में पुलिस को खलीनी में एक दुकान के सीसीटीवी में आरोपी की कार दिखी। इसके बाद जिस मार्ग से कार गई, उसी मार्ग में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसमें स्कूल के गेट से लेकर खलीनी बाजार, रिज, मालरोड समेत चौराहों और सड़क किनारे लगे कैमरों की जांच की गई।
विज्ञापन

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लापता छात्रों को बरामद कर लिया है। पुलिस ने दक्षता और टीम वर्क से 24 घंटों के भीतर लापता छात्रों को ढूंढ निकाला।  एसएसपी और पूरी शिमला पुलिस टीम को उनकी मेहनत के लिए बधाई। - अशोक तिवारी, डीजीपी

बीसीएस के तीनों छात्रों का फिरौती के लिए अपहरण किया गया था। परिजनों को कैलिफोर्निया के वर्चुअल नंबरों से फोन किए थे। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। - संजीव गांधी, एसएसपी शिमला
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें