राज्य सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते दृष्टिबाधित।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
दृष्टिबाधित संघ के सदस्यों ने वीरवार को राज्य सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस और दृष्टिबाधितों के बीच धक्का-मुक्की के दौरान एक दृष्टिबाधित मुख्य सड़क से नीचे पार्किंग की नाली में गिर गया। इस व्यक्ति को चोटें आई हैं। पुलिस ने इसे आईजीएमसी में भर्ती करवाया है।
प्रदर्शनकारी दृष्टिबाधित लंबे समय से बैकलॉग भर्तियों की मांग कर रहे थे। दृष्टिबाधित संघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। साल 1995 के बाद से कोई भर्ती नहीं हुई है। विभिन्न विभागों में लंबित बैकलॉग कोटे के तहत भर्तियां होनी चाहिए। भर्तियां नहीं होने से दृष्टिबाधितों में सरकार के खिलाफ रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल और कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दृष्टिबाधित संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन के कारण सचिवालय के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।