फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla Sanjauli Masjid: हिंदूवादी संगठनों ने की नारेबाजी, विवादित ढांचे को गिराने की मांग, दो दिन का अल्टीमेटम

Thu, 05 Sep 2024 07:35 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

गुरुवार को हिंदूवादी संगठनों ने राजधानी शिमला के संजौली बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद बाजार में विरोध रैली निकाली गई। संजौली चौक पर लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर दो दिनों में अवैध निर्माण नहीं तोड़ा तो वे हजारों की संख्या में एकत्रित होकर दोबारा प्रदर्शन करेंगे। 
विज्ञापन
संजौली में हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल में अवैध निर्माण को तोड़ने की मांग को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने संजौली बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संजौली चौक से ढली टनल और यहां से वापस संजौली चौक पर लोगों ने एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के कारण दोपहर करीब डेढ़ घंटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन


दोपहर में बड़ी संख्या में लोग संजौली चौक पर एकत्रित हुए। इसके बाद बाजार में विरोध रैली निकाली गई। इस दौरान पुलिस ने धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया था। सबसे पहले सैकड़ों की संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए ढली टनल की ओर रवाना हुए। इसके बाद दोबारा संजौली चौक पर पहुंचे। संजौली चौक लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर दो दिनों में अवैध निर्माण नहीं तोड़ा तो वे हजारों की संख्या में एकत्रित होकर दोबारा प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की।

विज्ञापन


लोगों में आक्रोश इस बात का था कि प्रशासन की आंखों के सामने सालों से अवैध निर्माण होता रहा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा लोगों ने प्रदेश सरकार से बाहर से आने वाले प्रवासी लोगों को पंजीकरण करने और सड़कों के किनारे अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी सजाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि बाहर से आने वाले लोग शहर की कानून व्यवस्था को खराब कर रहे हैं। हिंदू जागरण मंच के पूर्व पदाधिकारी कमल गौतम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को नगर निगम आयुक्त की कोर्ट में इसकी सुनवाई होनी है। इसके बाद भी अगर अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई तो लोग दोबारा हजारों की संख्या में प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी भाग लिया।

विज्ञापन

ट्रैफिक जाम, एंबुलेंस भी फंसी
संजौली चौक से ढली टनल के बीच प्रदर्शन के दौरान वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से अवरुद्ध रही। इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालत यह थी कि इस ट्रैफिक जाम में संजौली से ढली की ओर आ रही एंबुलेंस भी काफी देर तक फंस रही। दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक प्रदर्शन के कारण ढली से लेकर नवबहार चौक तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। हालांकि पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को सुचारु करने के लिए हरसंभव प्रयास किया और लोगों को समझाकर बसों समेत वाहनों को गुजरने का रास्ता बनाया गया। प्रदर्शन के दौरान एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने खुद मोर्चा संभाला। इस दौरान एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अजीत भारद्वाज भी मौजूद रहे।



क्यूआरटी के जवानों ने संभाला मोर्चा
संजौली बाजार में प्रदर्शन को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। इस दौरान संजौली चौक पर क्यूआरटी के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ था। बाजार के अलावा लक्कड़ बाजार-आईजीएमसी जाने वाले मार्ग के अलावा वॉकवे पर भी जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात थे। इसके अलावा विवादित धार्मिक स्थल के आसपास भी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें