हिमाचल प्रदेश के मंडी उपचुनाव के प्रचार के बीच एक बड़े नेता की अश्लील सीडी बंटने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार देर रात मंडी में यह सीडी बांटी गई।
सीडी की भनक लगते ही मंडी पुलिस ने मामला सीआईडी को रैफर कर दिया। सीआईडी ने सीडी बरामद कर सारा रिकार्ड शिमला भेज दिया। सीआईडी के एडीजीपी एसआर मरडी ने इस घटना की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि मंडी के एक नागरिक की शिकायत के आधार पर सीआईडी ने सीडी बरामद की है। यह एक पोर्न सीडी है। इनमें नेता कौन हैं? या यह टैंपरिंग से बनाई गई है? यह अभी जांच का विषय है।
मरडी ने बताया कि सीआईडी भराड़ी थाना में आईटी एक्ट के तहत इस मामले केस दर्ज कर रही है।
मंडी में किसने यह सीडी बांटी और इसका क्या मकसद हो सकता है? यह साफ नहीं हुआ है। पुलिस सूत्रों का कहना है करीब एक से डेढ़ मिनट की इस सीडी में कुल सात क्लीपिंग्स हैं।
इस में एक नेता का चेहरा साफ है और यह करीब सात या आठ साल पहले की लगती है। नेता को एक लड़की के साथ दिखाया गया है। अब पुलिस जांच में ही इस केस की कड़ियां खुल सकती हैं।