फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार महीने से बंद रोहतांग खुला, आवाजाही शुरू

Fri, 26 Apr 2013 01:03 AM IST
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)।/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
भारी बर्फ के चलते लगभग चार महीने से बंद पड़ा रोहतांग दर्रा यातायात के लिए खुल गया है। समुद्र तट से 13,050 फुट ऊंचे इस मशहूर दर्रे से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
विज्ञापन


वीरवार को तीन छोटे वाहनों ने रोहतांग पार किया। इसके साथ ही मनाली-लेह मार्ग केलांग तक बहाल हो गया है। बारालाचा दर्रे की ओर बर्फ को हटाने का काम चल रहा है।

अगले पंद्रह दिनों तक मनाली-लेह मार्ग के पूरा बहाल होने की उम्मीद है। उधर, रोहतांग दर्रा के खुलने से लाहौल के लोगों की भी बर्फ  की कैद से रिहाई हो गई है। चार महीने बाद लाहौल घाटी शेष विश्व से जुड़ी है।
विज्ञापन


वीरवार को रोहतांग दर्रा से सुबह तीन छोटे वाहन आर-पार हुए। मनाली की ओर से टैक्सी चालक रॉकी ने रोहतांग टॉप को पार किया। इसके अलावा बाद लाहौल की ओर से एसडीएम केलांग प्रशांत सरकेक और एसपी सुनील कुमार छोटे वाहनों में मनाली पहुंचे।

बेशक, रोहतांग छोटे वाहनों के लिए खुल गया है, लेकिन सड़क के दोनों ओर अभी भी बर्फ की ऊंची दीवारें हैं। पासिंग के लिए जगह न होने और कई जगह सड़क खराब होने के कारण रोहतांग के लिए अभी कम वाहन ही भेजे जा रहे हैं।

बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि एक सप्ताह में बसों व बड़े वाहनों के लिए मार्ग खुल जाएगा। 70 आरसीसी के कमांडिंग आफिसर एसके एंथोनी ने कहा कि अभी छोटे वाहनों के लिए ही रोहतांग खोला गया है। रास्ता संकरा होने के कारण छोटे वाहन भी कम ही भेजे जा रहे हैं।

पिछले साल 24 अप्रैल को खुला था दर्रा
वर्ष 2012 में रोहतांग दर्रा 24 अप्रैल को बहाल हो गया था। इस बार दर्रा 25 अप्रैल सुबह छोटे वाहनों के लिए खुला। हालांकि, बीआरओ का लक्ष्य 15 अप्रैल तक रोहतांग को खोलने का था, लेकिन मार्च में मौसम खराब रहा।

उपायुक्त लाहौल-स्पीति वीर सिंह ठाकुर समेत विभिन्न अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों और जवानों को रोहतांग दर्रे को कम समय में बहाल करने पर बधाई दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें