मुकाबले के पहले दिन राजस्थान की पहली पारी महज 78 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में हिमाचल की टीम ने पहली पारी में 153 रन बनाए और 75 रन की बढ़त हासिल की। दूसरे दिन राजस्थान ने दूसरी पारी में दमदार बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 297 रन बना लिए थे। तीसरे दिन टीम ने 224 रन और जोड़े और आठ विकेट पर 521 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इस तरह राजस्थान की बढ़त 446 रन हुई और हिमाचल को जीत के लिए 447 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की दूसरी पारी की शुरुआत भी खराब रही। इन्नेश महाजन दो, शुभम अरोड़ा छह, अंकुश बैंस 11 और वैभव काल्टा सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान पुखराज मन्न और आकाश वशिष्ठ ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दिन का खेल समाप्त होने तक हिमाचल ने चार विकेट पर 83 रन बना लिए थे। कप्तान पुखराज मन्न 39 और आकाश वशिष्ठ 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। राजस्थान की ओर से डेनिश विजय भांभू ने दो, जबकि अनिकेत चौधरी और साहिल धवन ने एक-एक विकेट लिया। चौथे दिन हिमाचल के सामने पहले विकेट बचाकर पारी को आगे बढ़ाने और मुकाबले में वापसी करने की चुनौती होगी।