लुहणू क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में मुंबई ने हिमाचल प्रदेश पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। तीसरे दिन भी मुंबई के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। सरफराज खान 154 रन बनाकर आउट हुए। आकाश आनंद ने 117 रनों की नाबाद पारी खेली। मुंबई ने पहली पारी में आठ विकेट के नुकसान पर 528 रन बनाकर पारी घोषित की। पहली पारी के आधार पर 388 रन की बढ़त हासिल की। हिमाचल प्रदेश की टीम ने तीसरे दिन दूसरी पारी में वापसी की कोशिश की। दिन का खेल समाप्त होने तक हिमाचल ने तीन विकेट के नुकसान पर 144 रन बना लिए हैं। हालांकि, टीम अभी मुंबई की पहली पारी के स्कोर से 244 रन पीछे है। दूसरी पारी में हिमाचल के सात विकेट शेष हैं और चौथे दिन टीम की कोशिश शुरुआती झटकों से उबरकर बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी। दिन का खेल समाप्त होने पर कप्तान पुखराज 38 और विकेटकीपर बल्लेबाज वैभव काल्टा 21 रन बनाकर नाबाद थे।