अभियान : उपमंडल की 20 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क पर गड्ढों की भरमार
विज्ञापन
. सेब सीजन के दौरान बागवानों झेलनी पड़ती है परेशानी . सरकार और लोक निर्माण विभाग की अनदेखी से ग्रामीणों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। आउटर सिराज क्षेत्र की निरमंड तहसील के ग्रामीण कई वर्षों से खस्ताहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। उपमंडल की मुख्य निरमंड-बागीपुल सड़क जगह-जगह गड्ढों में तबदील हो गई है। इस पर सफर करना जानलेवा बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग खस्ताहाल सड़क की सुध नहीं ले रहा। ग्रामीणों में सरकार और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर खासा रोष है। 16 पंचायतों के ग्रामीण, किसान और बागवान लंबे समय से सड़क के दुरुस्त होने की राह ताक रहे हैं। 20 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क पर जगह-जगह गड्ढों की भरमार है। वर्ष 2023 के बाद बरसात, बाढ़ और भूस्खलन के कारण हर वर्ष सड़क को क्षति पहुंच रही है। खस्ताहाल सड़क के कारण दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपमंडल मुख्यालय पहुंचने में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों को होती है। गड्ढों से भरी सड़क पर से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कत होती है। वहीं, क्षेत्र में हर वर्ष सेब की डेढ़ लाख से अधिक पेटियों का उत्पादन होता है। हर वर्ष हजारों बागवान खस्ताहाल सड़क का दंश झेल रहे हैं। खस्ताहाल सड़क के कारण सेब सीजन के दौरान वाहन चालक भी ग्रामीण क्षेत्रों में आने से कतराते हैं। यदि कोई वाहन चालक आता भी है, तो वह मुंह मांगा किराया लेता है। इस सड़क से रोजाना एक नगर पंचायत और 15 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण, स्कूल, कॉलेज और कर्मचारी वर्ग सफर करते हैं।
हर वर्ष आपदा से सड़क का पहुंच रही क्षति
क्षेत्र की नगर पंचायत निरमंड, भालसी, निशानी, गढ़ेज, त्वार, बड़ीधार, अरसू, बाड़ी, कोटी, कोट, डीम, ज्वागी, चायल, सराहन, नोर और राहणु पंचायत के ग्रामीणों में लंबे से सड़क न सुधरने के कारण रोष है। क्षेत्र के चंद्रेश ठाकुर, प्रेम ठाकुर, अशोक रावत, एरिक, पप्पू, हितेंद्र, विकास, नेहा, रवीना, राधा, रोहित, विदेश, रजत शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि हर वर्ष आपदा से सड़क को क्षति पहुंच रही है, लेकिन सरकार और विभाग ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने सड़क की हालत सुधारकर ग्रामीणों को राहत पहुंचाने की मांग की है।
विज्ञापन
निरमंड-बागीपुल सड़क को पैचवर्क कर गड्ढों को भरा गया था। बरसात में सड़क खराब हो गई थी। अब फिर से इसमें कार्य किया जाएगा। - राकेश नेगी,
सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग निरमंड