जलशक्ति विभाग ने शुरू की पंपिंग, पानी की किल्लत से मिलेगी निजात
सुनील ग्रोवर
ठियोग (रामपुर बुशहर)। चिखड़ खड्ड-ठियोग उठाऊ पेयजल योजना के टैंकों की सफाई का कार्य वीरवार को पूरा कर लिया गया है। इसके बाद जल शक्ति विभाग की ओर से पंपिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार से कस्बे के विभिन्न वार्डों में पानी की नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बलोआ गांव में स्थित इस योजना के पहले चरण के टैंक की सफाई पिछले दो दिनों से चल रही थी। विभाग ने टैंक की भीतरी व बाहरी दीवारों की सफाई के साथ चूने करवाया है। विभागीय कर्मचारियों ने भारी मात्रा में गाद और मलबा निकालकर टैंक को पूर्ण रूप से स्वच्छ कर दिया है। इस टैंक की जल भंडारण क्षमता चार लाख लीटर है।
बताते चलें कि पिछले दो दिनों से रहीघाट, सिविल अस्पताल, छै धाला और पुलिस कॉलोनी के लोगों को पानी की गंभीर किल्लत का सामना करना पड़ा है। नागरिकों को महंगे दामों में पानी के टैंकरों से खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। हालांकि, स्थानीय निवासी टैंकों की सफाई को एक जरूरी कदम मानते हुए अस्थायी असुविधा को सहर्ष झेलते रहे।
लंबे समय से की जा रही थी टैंक सफाई की मांग
इन टैंकों की सफाई को लेकर ग्रामीणों और नगरवासियों की ओर से कई बार विभाग से मांग की गई थी। इस संबंध में कई सामाजिक संगठनों ने भी विभाग से संपर्क कर दबाव बनाया था। विभाग को नागरिकों के आक्रोश का सामना करना पड़ा था। यह पेयजल योजना कई दशकों से ठियोग क्षेत्र के लोगों को जलापूर्ति कर रही है। पहले यह एकमात्र योजना थी जो पूरे कस्बे को पानी उपलब्ध करवाती थी। बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए बाद में सैंज-ठियोग उठाऊ पेयजल योजना भी शुरू की गई।
बॉक्स
पहली बार देखी गई इस तरह की सफाई
बलोआ गांव के स्थानीय लोगों के अनुसार इस टैंक के निर्माण के बाद पहली बार इसकी सफाई देखी गई है। वर्षों तक बिना सफाई के अशुद्ध जल आपूर्ति को लेकर लोग विभाग से नाखुश थे। गंभीर चिंता का विषय यह है कि जंगल में स्थित इस टैंक की छत नहीं है। यदि कोई जानवर इस टैंक में गिरकर मर जाए तो इसकी जानकारी तब तक नहीं मिलती जब तक वह पानी में तैरता नजर न आए। दो साल पहले ऐसी ही एक घटना में एक बंदर की मौत हो गई थी। लोगों ने विभाग से टैंक पर छत लगाने या अन्य सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
उधर,
जलशक्ति विभाग ठियोग के एसडीओ एमए शेख ने बताया कि बलोआ टैंक की सफाई पूर्ण रूप से कर ली गई है। सफाई के बाद पानी की पंपिंग शुरू कर दी गई है और शुक्रवार से कस्बे में नियमित पेयजल आपूर्ति दी जाएगी।