रामपुर बुशहर। उपमंडल की भड़ावली पंचायत से बाहली के लिए सड़क निर्माण एक सपना बनकर रह गया है। सड़क बनने से क्षेत्र के हजारों किसानों-बागवानों को लाभ मिलना था।
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की सुविधा होती और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के भी नए अवसर मिलते लेकिन सड़क का अभी तक निर्माण नहीं हो पाया है। भड़ावली पंचायत के पूर्व उपप्रधान दिनेश खमराल ने पंचायत के सभी लोगों से सड़क के निर्माण के लिए ग्रामसभा में मुद्दे को जोर शोर से उठाने का आह्वान किया है।
दिनेश खमराल ने कहा कि ग्राम सभा 17 अप्रैल को होनी है। ग्रामसभा में सभी पंचायत वासियों को बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। ग्रामसभा में 20 सालों से लगातार उठ रही बाहली सड़क निर्माण पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह सड़क ग्राम पंचायत भड़ावली और समूचे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क के बनने से पूरा क्षेत्र तरक्की के मार्ग पर जा सकता है। इसलिए सभी लोगों को ग्रामसभा में आकर जनहित में फैसला करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कहा कि आज तक इस सड़क के नाम पर केवल राजनीति होती रही है।
कभी सड़क वाया कुम्सू से बनाने की बात होती है तो कभी कमलाऊ से। अभी तक सड़क निर्माण को लेकर कोई पहल नहीं हो सकी है। यह सड़क सभी गांवों को जोड़कर बाहली में मिले, इसके लिए सभी पंचायत वासियों को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने पंचायत वासियों से अपील की है कि सड़क के निर्माण को लेकर सभी लोग ग्रामसभा में अधिक संख्या में भाग लें। कहा कि सड़क को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। संवाद