भेखलटी में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने किया एनएच पर चक्का जाम।
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग(रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के अधिकतर क्षेत्र पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन कई पंचायतें ऐसी भी हैं, जहां पेयजल की समस्या दशकों बाद भी जस की तस है। ग्रामीण आज भी नियमित पेयजल आपूर्ति से महरूम हैं और कई गांवों में 10 से 15 दिन बाद पेयजल मिल रहा है। पेयजल की समस्या से गुस्साए बनी पंचायत के ग्रामीणों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे पांच पर चक्का जाम कर दिया।
करीब डेढ़ घंटे तक एनएच पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई, इस कारण वाहन चालकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीएम ठियोग के आश्वासन के बाद ग्रामीण का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद एनएच पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।
कुसुम्पटी विस क्षेत्र के तहत आने वाली बनी पंचायत के ग्रामीणों ने शुक्रवार को डेढ़ घंटे तक भेखलटी गांव में एनएच पांच पर धरना देकर सरकार और आईपीएच विभाग तक अपनी आवाज पहुंचाने को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने भेखलटी गांव के थरमटी में बने गिरी खड्ड शिमला पेयजल योजना के भंडारण टैंक से आसपास के गांव को प्रतिदिन कुछ मात्रा में पानी देने की मांग की। इस धरने में भेखलटी, कैंथसेर, कंडीसेर, पचनी, रेवग, टीर और आसपास के कई गावों से ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और आईपीएच विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की। विधायक राकेश सिंघा ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की मूलभूत समस्याओं को सुलझाने में नाकामयाब रही है। ग्रामीणों ने गिरी खड्ड से शिमला के लिए बनी योजना के भेखलटी के समीप बने भंडारण टैंक से प्रतिदिन तीन लाख लीटर पानी आसपास के गांव को देने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर निर्णय हो चुका था और टैंक बनाने के टेंडर भी हो चुके थे, लेकिन सरकार ने इस कार्य को रोक दिया, जबकि भंडारण टैंक से एक निजी होटल बना रहे व्यक्ति को कनेक्शन दे दिया। प्रदर्शन में बैठी महिलाओं ने बताया कि मझार खड्ड से भेखलटी गांव के लिए 2010 में धूमल सरकार के समय उठाऊ पेयजल योजना बनी थी, लेकिन एक दो साल बाद इस योजना में दर्जनों गांव जुड़ने के बाद उन्हें 10 से 15 दिन बाद पेयजल आपूर्ति मिल रही है। रेवग गांव के लोगों ने बताया कि उन्हें एक महीने बाद भी पानी नहीं मिलता। मौके पर पहुंचकर एसडीएम ठियोग सौरभ जस्सल ने ग्रामीणों को पेयजल मुहैया करवाने का आश्वासन दिया और शाम 5:00 बजे इस संबंध में बैठक करने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन थमा। इस मौके पर माकपा नेता कुलदीप तनवर, किसान सभा ठियोग अध्यक्ष सुरेश वर्मा सहित ग्रामीण मौजूद रहे।