रामपुर बुशहर। रामपुर में 11 नवंबर से आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के लिए प्रशासन और पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी एनएच पांच पर वाहनों की आवाजाही को कम करने के लिए भारी वाहनों को वजीर बावड़ी वाया झाकड़ी होकर चलाया जाएगा। वहीं रामपुर मेला मैदान से गौरा चौक होते हुए छोटे वाहनों की आवाजाही होगी।
मेले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला कमेटी ने सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर रामपुर के स्विचयार्ड से चूहाबाग तक एनएच पांच पर खड़े वाहनों को हटाने के प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं, जो नौ नवंबर से लागू होंगे। अगर इसके बाद भी आपका वाहन एनएच पर खड़ा पाया गया तो वाहन मालिक को वाहन हटाने का खर्च भी देना होगा।
मेले में ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वजीर बावड़ी वाया झाकड़ी होकर बड़े वाहनों की आवाजाही होगी। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जहां पुलिस चप्पे-चप्पे में तैनात होगी, वहीं सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। मेला मैदान सहित रामपुर नगर परिषद, ब्रौ और जगातखाना पुल सहित विभिन्न स्थानों में 24 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों से मेले के दौरान होने वाली हर गतिविधि पर नजर बनाई रखी जा सकेगी। इसका कंट्रोल रूम पुलिस थाना रामपुर में स्थापित किया गया है।
बता दें कि 12 नवंबर को मतदान प्रक्रिया के चलते रामपुर बाजार भी बंद रहेगा। प्रशासन ने शहर के सभी व्यापारियों को मतदान में अवश्य भाग लेने की अपील की है। एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि लवी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने मेले के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर को मतदान के चलते रामपुर बाजार बंद रहेगा। उन्होंने एनएच पांच से वाहनों को हटाने की अपील की है।
लवी मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से मेले की निगरानी की जाएगी। उन्होंने मेले में जुटने वाली भीड़ को जेबकतरों से सावधान रहने की अपील की है।
चंद्रशेखर, डीएसपी रामपुर
राजनीतिक प्रचार पर रहेगी पाबंदी : एसडीएम
लवी मेले के दौरान सजने वाली दुकानों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक प्रचार या गतिविधि न हो, इसका व्यापारी वर्ग विशेष ध्यान रखें। यदि कोई व्यापारी अवहेलना करते हुए पाया गया तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने मेले के दौरान भी आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने का आह्वान किया है।
सुरेंद्र मोहन, एसडीएम