चौपाल (रोहड़ू)। साल 2017 में पक्की की गई चौपाल-चौकिया-झिकनीपुल सड़क की हालत फिर खराब हो गई है। खस्ताहाल और संकरी सड़क से पंचायत चान्जू, देवत, झिकनीपुल, पौडिया, रुसलाह, माटल, मकडोग और लानीबमटा समेत आठ पंचायतों के ग्रामीण परेशानी झेल रहे हैं। इस सड़क पर सफर करना लोगों के लिए जानलेवा बन गया है। सड़क पर कई जगह संकरी नालियां और गड्ढे बन गए हैं। कई जगह सड़क तंग है और पासिंग प्वाइंट न होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन को पास देने के लिए कई जगह पांच सौ मीटर पीछे जाना पड़ता है। सड़क पर नालियां नहीं बनी हैं। बारिश के दौरान सारा पानी सड़क पर बहता है। इस कारण सड़क पर तालाब बन जाती है।
इस मार्ग पर रोजाना सात एचआरटीसी की बसें गुजरती हैं। बस चालकों को बसें ले जाने में दिक्कत पेश आती है। साथ ही आठ पंचायतों के ग्रामीण छोटी गाड़ियों में इस मार्ग से सफर करते हैं। सड़क की टारिंग पूरी तरह उखड़ गई है। मार्ग पर कई जगह विभाग ने मिट्टी से गड्ढों को भरा था। अब गड्ढों से मिट्टी बाहर निकल गई है। चान्जू के प्रधान शशि चौहान, पूर्व प्रधान रमेश नेहटा, पौडिया पंचायत के प्रधान तपेंद्र मोहन शर्मा, बमटा की पूर्व प्रधान कमला देवी, राजेंद्र शर्मा, लायक राम नामटा, बागवान बलदेव संटा, महेंद्र सिंह, जगत राम, लोंकेंद्र सिंह, आत्मा राम, राजेंद्र चौहान, अनिल चौहान, प्रकाश चंद, केदार सिंह, एडवोकेट मनोज गाजटा, आशीष जिंटा, मनोज चंदेल ने सरकार से आग्रह किया है कि मार्ग को तुरंत सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी करें।
इस मार्ग को चौड़ा करने और पक्का करने का जल्दी ही प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। उसके बाद इसको पक्का किया जाएगा।
-राकेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चौपाल