शुद्धारंग में तीन पंचायतों के युवाओं ने लिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर की शुद्धारंग पंचायत में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर की ओर से लगाई तीन दिवसीय कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में तीन पंचायतों के युवाओं को प्राकृतिक आपदा से निपटने को लेकर जागरूक किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर के जिला समन्वयक नरेंद्र कायथ ने कहा कि युवाओं को आग, बाढ़, भूस्खलन और भूकंप सहित अन्य आपदाओं से निपटने के बारे में प्रशिक्षित किया गया। बचाव कार्यों और प्राथमिक उपचार के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में शुद्धारंग, ख्वांगी और पूर्वणी पंचायत के युवाओं ने भाग लिया। शिविर के आखिरी दिन अग्निशमन विभाग किन्नौर के कर्मचारी देवराज शर्मा ने युवाओं को प्रशिक्षित किया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर के जिला समन्वयक नरेंद्र कायथ ने कहा कि कल्पा खंड की 21 पंचायतों में युवाओं को आपदा प्रबंधन की बारीकियां सिखाई गई हैं। तीन पंचायतों के लिए एक और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।