संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों को लुभाने के लिए मानसून ऑफर जारी किया है। इस ऑफर के तहत विभाग के होटलों और रीजेंसी में आने वाले पर्यटकों को 40 फीसदी तक रियायत दी जा रही है। विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। विभाग के इस निर्णय से जहां हिमाचल आने वाले पर्यटकों को छूट मिलेगी, वहीं पर्यटन विभाग की आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी। प्रदेश के पर्यटन विभाग के होटलों और रीजेंसी में ठहरने पर पर्यटकों को अब 40 प्रतिशत की छूट मिलेगी। पर्यटन विभाग के इस विशेष मानसून ऑफर के तहत प्रदेश में आने वाले हजारों पर्यटकों को सस्ती दरों में ठहरने की सुविधा मिलेगी। हाल ही में विभाग ने सभी होटलों और रीजेंसी को सुंदर बनाने के लिए विभिन्न पेड़-पौधे और फूल लगाने की योजना तैयार की है। पर्यटकों को लुभाने के लिए विभाग ने 40 फीसदी कटौती करने का निर्णय लिया है। इन रियायतों के तहत पर्यटन विभाग ने प्रदेश भर की 45 इकाइयों में इसे लागू कर दिया है। पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि इस तरह की रियायत देकर पर्यटकों को आकर्षित करने का कार्य किया जा रहा है। इस बार मानसून भी पर्यटन की दृष्टि से अनुकूल माना जा रहा है। आने वाले समय में प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ साथ पर्यटन विभाग की आमद भी बढ़ेगी।
राजीव कुमार ने कहा कि पूरे प्रदेश के पर्यटन स्थलों में एचपीटीडीसी के बेहतरीन सुविधाओं से लैस होटल और रीजेंसी उपलब्ध हैं। पर्यटन विभाग के होटल और रीजेंसी अलग रूप में नजर आएंगी। इसके लिए पहल शुरू कर दी गई है। अब हर होटल और रीजेंसी के बाहर विभिन्न प्रजाति के फूल और पौधे लगेंगे। इसके माध्यम से पर्यटन विभाग पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा।