चोरों ने आधी रात को वारदात को दिया अंजाम
आनी पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड के पटारना स्थित नाग मंदिर में शुक्रवार देर रात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर लिया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति चोरी की है। पुलिस ने इस मामले में अभियोग दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया कि शुक्रवार रात करीब ढाई बजे अज्ञात चोरों ने मंदिर में सेंध लगाई। चोरों ने पहले मंदिर का ताला तोड़ा और फिर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने लोहे की अलमारी का लॉक तोड़ दिया। अलमारी में रखी करीब 50 ग्राम सोने की टिक्की चोरी कर ली, जिसकी कीमत लगभग छह लाख रुपये है। चोरों ने 150 ग्राम चांदी भी चुराई, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त मंदिर से 10 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए। बताया कि रात को गांव का कोई व्यक्ति बाहर निकला तो उसने मंदिर में हलचल देखी। शोर मचाने पर चोर मौके से सड़क की ओर भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस उपाधीक्षक राजीव मेहता ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है और पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने कहा कि पुलिस टीम जांच कर रही है। उन्होंने मंदिर कमेटियों से धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है। कहा कि मंदिर प्रबंधन को सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में गश्त बढ़ाने जैसे उपाय करने चाहिए।