सड़क पर जम रहा पानी दे रहा बीमारियाें को न्योता
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। उपमंडल के सबसे बड़े व्यावसायिक कस्बे गुम्मा बाजार में बंद टूटी नालियों की समस्या गंभीर होती जा रही है। साफ मौसम में भी घरों का पानी सड़क पर बह रहा है। ठियोग-हाटकोटी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इस बाजार में कहीं नालियां कचरे से पूरी तरह बंद पड़ी हैं, तो कई स्थानों पर नालियों का निर्माण ही नहीं हुआ है। इसके चलते राहगीरों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मियों के मौसम में स्थिति और चिंताजनक हो सकती है। यदि सड़क पर पानी जमा रहा और निकासी की उचित व्यवस्था नहीं हुई, तो मच्छरों के पनपने और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। गुम्मा बाजार में रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। यहां कई स्कूल व संस्थान भी मौजूद हैं, साथ ही 200 से अधिक व्यापारी अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में गंदगी फैलने से जन स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
इस संबंध में व्यापार मंडल के प्रधान देवेंद्र चौहान ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि सड़क किनारे नालियों का निर्माण व सफाई कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि आम जनता और व्यापारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।