ननखड़ी क्षेत्र में नहीं थम रहा भालू का आतंक, ग्रामीणों में खौफ
विज्ञापन
वन विभाग से भालू को पकड़ने की उठी मांग संवाद न्यूज एजेंसी ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र में भालुओं के आतंक से ग्रामीण सहमे हुए हैं। सोमवार रात को भालू ने ननखड़ी तहसील के टुटू गांव में गोशाला तोड़कर अंदर बंधे बछड़े को मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और जल्द भालू की समस्या से निजात दिलाने की मांग उठाई है। ननखड़ी तहसील की बड़ाच पंचायत के बरकेली गांव और देलठ पंचायत के टुटू गांव में भालू ने आतंक मचाया हुआ है। भालू के डर से ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार रात को बड़ाच पंचायत के बरकेली गांव में भालू आ धमका और उसने ग्रामीणों के घरों में बने मधुमक्खी के छत्ते को नुकसान पहुंचाया। भालू रात करीब 8:00 बजे के आसपास गांव में दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शोर मचा कर भालू को भगाया। वहीं, देलठ पंचायत के टुटू गांव में एक गोशाला में घुसकर भालू ने बछड़े को अपना शिकार बनाया। भालू ने गांव की शीला देवी की गाेशाला का दरवाजा तोड़ा और अंदर बंधे बछड़े को मौत के घाट उतार दिया। शीला देवी और अन्य ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी और वन विभाग की ओर से वन रक्षक ने मौके का निरीक्षण किया। देलठ पंचायत की प्रधान रुचिका राठौर ने भी मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। रिहायशी इलाकों में लगातार भालुओं की दस्तक से ग्रामीण खौफजदा हैं। सुबह और शाम के समय ग्रामीण अपने बगीचों और खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।
साउंड स्पीकर लगा दिए हैं
वन विभाग ननखड़ी के रेंज अधिकारी नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि टुटू गांव में भालू को भगाने के लिए साउंड स्पीकर लगा दिए गए हैं। बछड़े का मुआवजा पशु मालिक को दिया जाएगा। ग्रामीण रात के समय बाहर न निकलें। भालू के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।