उपतहसील जंगला के तहत चिड़गांव-रोहड़ू मार्ग पर शनिवार सुबह बढ़ियारा पुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर पब्बर नदी में गिर गई। हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। हादसे के समय कार में दो ही लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायल शिक्षक का आईजीएमसी में इलाज जारी है।
मिली जानकारी अनुसार कार में दो लोग रोहड़ू से बड़ियारा की ओर जा रहे थे। चालक के नियंत्रण खोने के बाद कार रेलिंग को तोड़कर पब्बर नदी में गिर गई। कार में हितेंद्र पुत्र मिचर सैन गांव डिस्वानी और संजीव कुमार पुत्र गांव घरशाल देवीधार सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल हितेंद्र को नदी से निकाल कर रोहड़ू पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
संजीव कुमार नदी में बह गया था। उसको लोगों ने काफी दूर नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दोनों देवीधार स्कूल में शिक्षक तैनात हैं। एसडीपीओ रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि घायल को शिमला रेफर किया गया है। दूसरे का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे की पुलिस जांच कर रही है।