रोहडू। उपमंडल मुख्यालय की सड़कों पर निजी वाहनों को टैक्सियों के तौर पर दौड़ाया जा रहा है। निजी वाहन मालिक सवारियों से मनमाना किराया वसूल कर रहे हैं। कई लोग बाहरी राज्य की टैक्सियों को कमीशन पर यूनियन के बाहर चला रहे हैं। बुकिंग की एवज में प्रति सवारी कमीशन भी वसूल की जा रही है। पब्बर वैली मैक्सी कैब ऑपरेटर यूनियन रोहडू ने इसका कड़ा विरोध किया है।
बैठक के बाद यूनियन के पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत एसडीएम से करने का फैसला लिया है। यूनियन का आरोप है कि टैक्सी ऑपरेटर कोरोना की मार के कारण अपने वाहनों की बैंक किस्तों को देने में असमर्थ हैं। कुछ लोग गलत तरीके से टैक्सी चलाने के नाम पर लोगों को लूट रहे हैं। यूनियन के प्रधान देविंद्र सिंह जमकेट, महासचिव अनुपम, कुलदीप बुशहरी, संजीव बुशहरी, खुश जोगटा, पप्पू रनसेटा, विजय, जगमोहन, रंजीत बुशहरी, रमेश शर्मा, रमन पांमटा, हशरफ खान, कृष्ण लाल नेगी, काका, सुनील आदि ने कहा यदि समय पर इस लूटखसोट को रोका नहीं गया तो अवैध तौर पर चलाई जा रहीं टैक्सियों की तोड़फोड़ की जाएगी। कहा कि ऐसे कुछ लोग कमीशन एजेंट भेज कर सेब सीजन में आए मजदूरों की बुकिंग गांव में जाकर मनमाने किराये पर करवा रहे हैं। उन्होंने कहा टूअर एंड ट्रेवल के नाम पर अवैध टैक्सी कारोबारियों की ओर से सवारियों को ढोया जा रहा है। सरकार को टैक्स देने वाले टैक्सी चालक का सारा कारोबार चौपट होकर रह गया है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। टैक्सी के नाम से चल रहे इस गोरखधंधे को चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध तौर पर टैक्सी चलाने वालों को रोका नहीं गया तो यूनियन को स्वयं सड़क पर उतरना पड़ेगा। इससे टकराव की स्थिति की पूरी संभावना रहेगी। इसलिए प्रशासन की ओर से समय पर हस्ताक्षेप किया जाए।